Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत एनएसएस इकाईयों को रक्तदान और सामाजिक हित के किये गए कार्यों के लिए जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at June 15, 2023 Tags: , , , , ,

कॉलेज एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग को मिला टॉप ब्लड डोनर का सम्मान

निःस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत बनाता है एनएसएस: पवन गोयल

सामाजिक सेवा को शिक्षा के साथ जोडऩा ही एनएसएस का मूलभूत सिद्धांत: डॉ अनुपम अरोड़ा

BOL PANIPAT , 15 जून.

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की एनएसएस इकाईयों को लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने और सामाजिक सरोकारों के कार्यों हेतु जिला प्रशासन ने विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सिविल हॉस्पिटल पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया. सम्मान को कॉलेज एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग एनएसएस कार्यकर्ताओं के साथ ग्रहण किया. डॉ राकेश गर्ग खुद अब तक 28 बार रक्तदान कर चुके है जिस पर उन्हें भी अवार्ड मिला. कॉलेज प्रधान पवन गोयल, उप-प्रधान मनोज सिंगला, जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला, कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल और प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने इस उपलब्धि पर ख़ुशी जाहिर करते हुए इसे कॉलेज के लिए एक यादगार पल बताया और एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग और डॉ संतोष कुमारी को बधाई दी. उन्होनें एनएसएस कार्यकर्ताओं को इस उपलब्धि का विशेष श्रेय दिया और उनकी मेहनत को बेजौड़ बताया. कोरोना आपदा और लॉकडाउन के समय में भी कॉलेज एनएसएस कार्यकर्ताओं ने मुसीबत में पड़े लोगों की हर संभव मदद की थी. विदित रहे इस कार्यक्रम में डीसी वीरेंद्र दहिया, विधायक प्रमोद विज, मेयर अवनीत कौर, सीएमओ जयंत आहूजा जैसी जानी-मानी हस्तियाँ उपस्थित रही.           

पवन गोयल प्रधान ने कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य होने के साथ-साथ हमारे देश के विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. भारत में युवाओं की संख्या अन्य देशों से अधिक और यहाँ की लगभग 65 प्रतिशत जनसंख्या की आयु 35 वर्ष से कम है. सरकार का पूरा ध्यान युवाओं के माध्यम से विकास लाने पर केन्द्रित है. इसलिए युवाओं को भी चाहिए कि वे देश के विकास में अपना सक्रिय योगदान करें. कॉलेज भी इसी दिशा में प्रयासरत है और युवाओं की क्षमताओं को पहचान कर उन्हें हर संभव अवसर प्रदान कर रहा है ताकि वे सशक्त बने और देश को भी मजबूत बनाएं. 

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना सामाजिक सरोकारों को निभाने में सबसे आगे रहती है. सामाजिक सेवा को शिक्षा के साथ जोडऩा ही एनएसएस का मूलभूत सिद्धांत है. गांवों की तस्वीर बदलनी हो या फिर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना हो ऐसे हर कार्य में बेमिसाल भूमिका निभाने का काम एनएसएस कर रहा है. एनएसएस का एक-एक स्वयंसेवक बधाई का पात्र है. यह उपलब्धि उन्ही के प्रयासों का परिणाम है.

डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र के विकास के आधार होते हैं. वे राष्ट्र की सबसे ऊर्जावान इकाई हैं और इसलिए उनसे इस देश को बहुत उम्मीदें हैं. सही मानसिकता और क्षमता के साथ युवा राष्ट्र के विकास में योगदान कर सकते हैं और इसे आगे बढ़ा सकते हैं. युवा ऊर्जा से भरी नदी की तरह है जिसके प्रवाह को एक सही दिशा देने की आवश्यकता है और यही दायित्व कॉलेज एनएसएस यूनिट्स निभा रही है.

Comments