Tuesday, September 8, 2026
Newspaper and Magzine


आधुनिक तकनीक अपनाकर गन्ने की खेती को बनाएं लाभकारी, किसानों को मिलेगा अनुदान: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 8, 2026 Tags: , , , , ,

गन्ना किसानों के लिए सरकार की बड़ी पहल, प्रदर्शन प्लांट से कृषि यंत्रों तक मिलेगा लाभ

गन्ना उत्पादन में बढ़ेगी तकनीक की ताकत, किसानों को अनुदान का लाभ लेने का आह्वान

30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदनं

गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने पर मिलेगा अनुदान

BOL PANIPAT , 8 सितंबर। हरियाणा सरकार की ओर से गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन वर्ष 2026-27 शुरू किया गया है। इस मिशन के तहत किसानों को गन्ने की आधुनिक एवं वैज्ञानिक विधियों से बिजाई तथा खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिन किसानों ने अप्रैल के बाद बसंत अथवा ग्रीष्म ऋतु में गन्ना प्रदर्शन प्लांट के तहत चार फीट चौड़ी कतारों में बिजाई, मुढ्ढा फसल चार फीट, सिंगल-बड अथवा बड चिप विधि से गन्ने की बिजाई की है, वे कृषि विभाग की वेबसाइट पर 30 सितंबर  तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जो किसान शरद कालीन अक्टूबर-नवंबर में उपरोक्त विधियों से गन्ने की बिजाई अथवा गन्ना नर्सरी और गन्ना प्रदर्शन प्लांट लगाने के इच्छुक हैं, वे 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उपायुक्त ने बताया कि गन्ने की खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर भी अनुदान दिया जाएगा। इनमें गन्ना सेट ट्रीटमेंट डिवाइस, पावर वीडर, रटून मैनेजर, रोटावेटर, ट्रैक्टर चलित स्प्रेयर, सब-सॉयलर, गन्ना कटर, स्ट्रिपर, प्लांटर और मिनी ट्रैक्टर सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं। इच्छुक किसान इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि गन्ने की खेती को आधुनिक तकनीक से जोडऩा किसानों की आय बढ़ाने और खेती की लागत को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार किसानों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दे रही, बल्कि उन्हें नई तकनीकों और कृषि मशीनीकरण को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। किसान पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश करें और सरकार की अनुदान योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इससे गन्ने की उत्पादकता, गुणवत्ता और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि पात्र किसान निर्धारित समय सीमा का ध्यान रखते हुए कृषि विभाग की वेबसाइट डब्ल्युडब्ल्युडब्ल्युडॉटएग्रीहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पर ऑनलाइन आवेदन करें और गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन का लाभ उठाएं।

Comments


Leave a Reply