Sunday, July 26, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा मताधिकार के अधिकार को इस्तेमाल करने के बारे चलाया शपथ एवं जागरूकता अभियान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at April 19, 2024 Tags: , , , , ,

जिला निर्वाचन कार्यालय पानीपत की ‘स्वीप गतिविधियों’ के अंतर्गत हुआ आयोजन

कॉलेज के युवा विद्यार्थी निर्भीकता, जागरूकता और निरंतरता के साथ वोट डालने का ले प्रण: दिनेश गोयल 

BOL PANIPAT , 19 अप्रैल,

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना और वोटर जागरूकता विभाग जिला निर्वाचन कार्यालय पानीपत की ‘स्वीप गतिविधियों’ के अंतर्गत कॉलेज के युवा मतदाताओं को मताधिकार के अधिकार को विवेकपूर्ण तरीके से इस्तेमाल करने के बारे कॉलेज में जागरूकता एवं शपथ अभियान चलाया गया । कॉलेज एन.एस.एस. कार्यकर्ताओं ने युवा मतदाताओं को अपना वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया और वोट बनवाने की प्रक्रिया को समझाया और मतदान करने के लिए प्रेरित किया । प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और एन.एस.एस. प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग ने स्वयंसेवकों एवं अन्य विद्यार्थियों को निर्भीकता, जागरूकता और निरंतरता के साथ वोट डालने की शपथ दिलाई । उनके साथ डॉ एसके वर्मा, प्रो दीपिका अरोड़ा मदान, डॉ पवन कुमार, प्रो विशाल गर्ग, प्रो पूजा धींगडा, प्रो शिल्पा ठाकुर, प्रो हिमानी नारंग, प्रो पूजा गर्ग, दीपक मित्तल आदि उपस्थित रहे । एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने खुद की पहल पर अपने राष्ट्रीय कर्तव्य का परिचय दिया और युवाओं में वोट के महत्व और प्रजातन्त्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया । असल में मतदाता और उसका मत ही भारतीय लोकतंत्र का मूल आधार है ।

दिनेश गोयल कॉलेज प्रधान ने कहा कि भारत में युवाओं की भागीदारी काफी अहम है और ऐसे में उन्हें सबसे पहले अपना वोट जरुर बनवाना चाहिए । आज हर जिले में जगह-जगह ऐसे सेंटर स्थापित किए गए है जहां मतदाता पहचान पत्र बनवाने के कार्य किए जा रहे हैं । हर जिले, ब्लॉक, गांव, स्कूल एवं कॉलेज में विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर भी इस कार्य को संपन्न किया जा रहा है । इस परिप्रेक्ष में प्रदेश सरकार द्वारा चलाये जा रहे जागरुकता अभियान भी अपने आप में उल्लेखनीय है । परंतु मतदाता सूची में नामांकन की प्रक्रिया में और भी कई कठिनाइयां हैं । उन्होनें कहा कि जब तक हर एक मतदाता को अपने मत का सही अर्थ समझ में नहीं आएगा तब तक भारत का प्रजातन्त्र मजबूत नहीं होगा । सभी को गणतंत्र के इस टीके को लगाना ही होगा । मतदाताओं को समझना होगा कि उनका एक वोट केवल सरकार ही नहीं बल्कि व्यवस्था बदलने का हथियार भी है और इसके जरिए मतदाता का भाग्य यकीनन बदल सकता है ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि भारत एक गणतांत्रिक देश है और गणतांत्रिक देश में सबसे अहम होता है चुनाव और मत का प्रयोग । गणतंत्र एक यज्ञ की तरह होता है जिसमें मतों यानि वोटों की आहुति बेहद जरुरी मानी जाती है । एक वोट भी सरकार और सत्ता बदलने के लिए काफी होती है । वोट न बनवाना, वोट डालने में आलस करना और ‘मेरे एक वोट से क्या बदलेगा’  जैसी सोच की वजह से देश को कितना नुकसान हो सकता है इसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते है । हम स्वयं को बदलेंगे तो व्यवस्था स्वयं बदल जाएगी ।  भारतीय सिस्टम और राजनीति पर बड़ी-बड़ी बहस करने वाले अकसर भारतीय गणतंत्र के इस यज्ञ में सिर्फ इसलिए वोट डालने नहीं जाते क्यूंकि उन्हें लाइन में लगता पड़ता है और कुछ देर के लिए अनुशासन का पालन करना पड़ता है । गणतांत्रिक प्रणाली सुचारु रूप से तभी चल सकती है जब हर इंसान अपने मत का प्रयोग करे और अपनी इच्छा-अनिच्छा को व्यक्त करे । एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने वोट बनवाने की प्रक्रिया में हिस्सा लेकर देश के प्रति अपनी भागीदारी को सुनिश्चित किया है ।  

डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है । नागरिक ही सरकार चुनकर देश की दिशा तय करते हैं । ऐसे में सबसे पहला कार्य अपने वोट को बनवाना है ताकि समय आने पर नागरिक अपने वोट को डाल सके । कॉलेज के युवा स्वयंसेवकों ने जिस तरह इस जिम्मेदारी को उठाया है वह वाकई में काबिले तारीफ़ पहल है ।

एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने अपने आस-पड़ोस के लोगों, रिश्तेदारों और मित्रों को वोट बनवाने और वोट डालने के महत्व के बारे में जागरूक और प्रेरित करने की शपथ ली ।

Comments