Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


निर्मला देशपांडे संस्थान में महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंति मनाई गई

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at April 11, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 11 अप्रैल 2026: निर्मला देशपांडे संस्थान के अंतर्गत संचालित हाली अपना स्कूल में महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और स्त्री शिक्षा के प्रणेता महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंति धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता के मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में माता सीता रानी सेवा संस्था की महासचिव पूजा सैनी उपस्थित रहीं। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए कहा कि फुले जी ने 19वीं शताब्दी में जब स्त्री शिक्षा और दलित-शोषित वर्गों के अधिकारों की बात की, तब समाज में शिक्षा को मुक्ति का सबसे बड़ा हथियार माना। उन्होंने जोर दिया कि आज भी गरीब, मजदूर और सड़क के बच्चों की शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का आधार है।

हाली अपना स्कूल मुख्य रूप से औद्योगिक शहर पानीपत के मजदूर परिवारों और सड़क के बच्चों के लिए संचालित किया जा रहा है। यह स्कूल अल्ताफ हुसैन हाली के नाम पर स्थापित है, जो स्वयं महिला शिक्षा के प्रबल समर्थक थे। स्कूल में इंटरफेथ प्रेयर (सभी धर्मों की प्रार्थना) का नियमित आयोजन होता है, जो शांति और सौहार्द का संदेश देता है।

कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने फुले जी के जीवन पर आधारित भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने फुले जी के प्रसिद्ध विचार — “शिक्षा ही सच्ची मुक्ति का मार्ग है” — को दोहराया और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

पूजा सैनी ने कहा, “महात्मा ज्योतिबा फुले ने सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर देश में पहला बालिका विद्यालय स्थापित किया। आज हाली अपना स्कूल उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। यहां पढ़ने वाले बच्चे न केवल पढ़ाई करते हैं, बल्कि मूल्यों, समानता और मानवीयता का पाठ भी सीखते हैं। माता सीता रानी सेवा संस्था और निर्मला देशपांडे संस्थान लंबे समय से एक-दूसरे के साथ मिलकर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।”

निर्मला देशपांडे संस्थान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता राम मोहन राय ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक जागरूकता पैदा करते हैं और फुले जी की विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं।

कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्या और शिक्षाविद मधु यादव ,रोज़ी चावला ,सोनिया गर्ग ,श्रुति जैन के अलावा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अंत में सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Comments


Leave a Reply