“हर घर योग” अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने ऑनलाइन योग अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा किया।
BOL PANIPAT : आई.बी(पी.जी.) कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने “हर घर योग” अभियान के अंतर्गत 6 जनवरी से 27 जनवरी 2025 तक 21 दिवसीय ऑनलाइन योग अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा किया। इस योग प्रशिक्षण का नेतृत्व जाने-माने योग प्रशिक्षक सौरभ बोथरा ने किया, जो आईआईटी स्नातक होने के साथ-साथ एक प्रमाणित योग प्रशिक्षक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक भी हैं। इस ऑनलाइन योग शिविर में कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नियमित रूप से योगाभ्यास किया। पूरे 21 दिनों तक स्वयंसेवकों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लाभ मिला।
कार्यक्रम के सफल समापन पर स्वयंसेवकों को एनएसएस, यूटीडी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशिप्रभा मलिक ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा, “योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है बल्कि मानसिक शांति और अनुशासन भी प्रदान करता है। इस 21 दिवसीय योग अभ्यास में छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि वे अपने स्वास्थ्य और आत्मविकास के प्रति सजग हैं। मैं सभी स्वयंसेवकों को उनके समर्पण के लिए बधाई देती हूँ और उम्मीद करती हूँ कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँगे।”
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने भी इस योग अभ्यास में स्वयं भाग लिया और अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “इस 21 दिवसीय योग सत्र ने न केवल छात्रों बल्कि मुझे भी आंतरिक शांति और ऊर्जा का अनुभव कराया। नियमित योग करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मन भी एकाग्र होता है। इस पहल में भाग लेकर मैंने स्वयं भी बहुत कुछ सीखा है। मैं सभी स्वयंसेवकों को बधाई देती हूँ जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।”
ऑनलाइन योग अभ्यास से स्वयंसेवकों ने न केवल शारीरिक लचीलापन और सहनशक्ति प्राप्त की, बल्कि तनाव को कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद मिली। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, ध्यान और प्राणायाम के अभ्यास कराए गए, जिससे स्वयंसेवकों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिला। स्वयंसेवकों ने भी इस अभियान के प्रति अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस प्रकार यह 21 दिवसीय योग अभ्यास उनके लिए लाभकारी रहा। कई स्वयंसेवकों ने कहा कि उन्होंने योग को अब अपनी दिनचर्या में शामिल करने का निश्चय किया है। “हर घर योग” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग को घर-घर तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना था। इस पहल ने विद्यार्थियों को योग के महत्व को समझने और उसे अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Comments