Tuesday, July 21, 2026
Newspaper and Magzine


मानसिक रूप से मजबूत युवा ही गढ़ेंगे उज्ज्वल भविष्य: डॉ. ऋतु चहल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 21, 2026 Tags: , , , ,

व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और कैरियर सफलता के दिए प्रभावी मंत्र

BOL PANIPAT , 21 जुलाई। रोजगार विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह (20 से 24 जुलाई 2026) के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोदापुर में विद्यार्थियों के लिए मेंटल वेलनेस अमंग स्कूल स्टूडेंट्स विषय पर करियर टॉक एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। पावर प्वाइंट प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन तथा सफल कैरियर निर्माण के लिए आवश्यक जीवन कौशल की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी डॉ. रितु चहल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत मानसिक स्वास्थ्य ही सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मानसिक रूप से स्वस्थ और आत्मविश्वासी युवा ही जीवन में सही निर्णय लेकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा चुनौतियों का धैर्य और समझदारी से सामना करने का आह्वान किया।

रितु चहल ने परीक्षा के तनाव, साथियों के दबाव (पीयर प्रेशर), सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा भावनात्मक चुनौतियों से सकारात्मक तरीके से निपटने के व्यावहारिक उपाय साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने, प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा आवश्यकता पडऩे पर अभिभावकों, शिक्षकों और काउंसलर से खुलकर संवाद करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य और कैरियर से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. ऋतु चहल ने सरल, प्रेरणादायक और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। संवादात्मक शैली में आयोजित यह सत्र विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ और उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए मार्गदर्शक बताया।

गौरतलब है कि व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को करियर संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास, मानसिक सशक्तिकरण तथा भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। डॉ. रितु ने बताया कि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा अपने कैरियर का चयन बेहतर समझ और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

Comments


Leave a Reply