मंडियों में धान खरीद का कार्य सुचारू. किसान संतुष्ट: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
-पारदर्शिता और सहूलियत से हो रही है खरीद, किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं
BOL PANIPAT , 3 अक्टूबर। जिले की सभी मंडियों में इस बार धान खरीद का कार्य पूरी पारदर्शिता और दक्षता के साथ चल रहा है। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरी तरह से किसानों के हितों की रक्षा के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में बेहतरीन प्रबंध किए गए हैं और खरीद कार्य में पारदर्शिता व ईमानदारी सुनिश्चित की गई है।
डॉ. दहिया ने बताया कि जिले की आठ मंडियों में पांच मिलरों के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है। अब तक 1789 मीट्रिक टन धान की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है, जबकि 121 मीट्रिक टन से अधिक धान की लिफ्टिंग भी संपन्न हो चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लिफ्टिंग को लेकर कहीं भी कोई समस्या नहीं है और यह कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तोल केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती, पानी की व्यवस्था, छायादार स्थान, साफ-सफाई और ट्रैफिक प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सभी खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को तुरंत भुगतान सुनिश्चित किया जाए और कोई भी अनावश्यक देरी न हो। किसानों ने जताया संतोष मंडियों में धान बेचने आए किसानों ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। किसानों का कहना है कि इस बार धान की खरीद में न तो कोई लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है और न ही तौल को लेकर कोई विवाद हो रहा है। तौल के बाद तुरंत रसीद मिल रही है और समय पर लिफ्टिंग भी हो रही है, जिससे उन्हें काफी राहत मिली है।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने दोहराया कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमारी प्राथमिकता किसानों की मेहनत का सही मूल्य देना है। मंडियों में पूरी निगरानी व्यवस्था है और प्रत्येक शिकायत का तुरंत समाधान किया जा रहा है। किसानों को अगर किसी प्रकार की दिक्कत होती है तो वे सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी मंडियों में एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है, जो खरीद कार्य की मॉनिटरिंग कर इसके निगरानी की जा रही है ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। डॉ. दहिया ने बताया कि आगामी दिनों में खरीद कार्य और भी तेज किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसानों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त मिलर्स को भी जोड़ा जाएगा।
ध्यान रहे।
विदित रहे कि जिले में धान की खरीद प्रक्रिया इस वर्ष न केवल सुचारू रूप से चल रही है, बल्कि किसानों के चेहरे पर संतोष भी झलक रहा है। प्रशासन की सतर्कता, पारदर्शिता और त्वरित कार्यप्रणाली ने इस बार की खरीद को एक आदर्श मॉडल बनाने की और कदम बढ़ा लिया है।

Comments