पानीपत पुलिस ने 12 लाख रुपए से अधिक कीमत के 50 गुमशुदा मोबाइल ट्रेस कर मालिकों को लौटाए, चेहरे पर लौटी मुस्कान
BOL PANIPAT , 17 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। इसी क्रम में जिला पुलिस की साइबर सेल ने गुम हुए मोबाइल फोन का सर्च अभियान चलाकर 50 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए और शुक्रवार को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए से अधिक है।
जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात सुरेश कुमार सैनी ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने पानीपत पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका गुम हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा। इस अवसर पर साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु तथा उनकी पूरी टीम भी उपस्थित रही।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि लोगों ने गुम हुए अपने मोबाइल फोन की शिकायत हर समय पोर्टल व साइबर सेल में की हुई थी। पानीपत साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस करने की लगातार कोशिशें की और 50 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल अलग अलग कंपनी के है, इनमें 10 हजार से लेकर 90 हजार रूपए तक के मोबाइल शामिल है। इनकी कुल कीमत 12 लाख रूपए से अधिक आकी गई है। मोबाइल के वारसानों को आज जिला पुलिस के सभागार में बुलाकर उन्हें उनका गुम हुआ मोबाइल फोन सौंप दिए गए है।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने करीब 1 माह पहले भी 11 लाख रूपए कीमत से ज्यादा के 47 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को सौपें गए थे।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका दुरूपयोग रोका जा सके और उसे जल्द से जल्द ढूंढ़ा जा सके। उन्होंने कहा कि पानीपत पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन की खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाना भी है।

Comments