Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट. पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 8, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 08 जुलाई 2025, कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी राजबीर सिंह, डीएसपी नरेंद्र सिंह व सभी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज व अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि कांवड़ यात्रा 11 से 23 जुलाई तक चलेगी। श्रद्धालु हरिद्वार (उत्तराखंड) से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की तरफ प्रस्थान करेंगे। पानीपत यूपी बार्डर से सटा हुआ है। हरियाणा के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त राजस्थान के हजारों कांवड़िएं पानीपत के रास्ते अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन व कांवड़ियों की सुरक्षा के मध्यनजर सभी अधिकारियों को समय रहते सुरक्षा के सभी पुख्ता बंदोबस्त करने के लिए निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि 11 जुलाई से कांवड़ यात्रा समाप्ति तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा। ताकि अधिकतम पुलिस बल उपलब्ध रह सके। कांवड़ यात्रा मार्ग, नाकों और शिविर स्थलों पर अधिकारियों की निगरानी में 24 घंटे गश्त सुनिश्चित की जाएगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के चलने के लिए सेंड बैग के साथ रस्सा लगाकर अलग लेन सुनिश्चित की जाएगी। कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की दुकान बंद रहेंगी।

सभी थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज समय रहते अपने क्षेत्र में कांवड़ आयोजक समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्देशित करें कि सभी कांवड़िए और आयोजक अपना पहचान पत्र साथ रखें। जिले में कांवड़ियों की सेवा व विश्राम करने के लिए यात्रा के दौरान विभिन्न संस्थाओं व श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाते हैं। प्रशासन से अनुमति लेकर शिविर लगाए और निर्धारित किये नियमों की पालना करें। सड़क से 50 फीट अंदर शिविर का पंडाल लगाए। पार्किग व्यवस्था भी सड़क से दूर रखनी होगी, साथ ही बैरिकेडिंग करवाएं। पंडाल पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करें। कांवड़ यात्रा में लाठी डंडे, नुकीले भाले इत्यादी लेकर चलने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी किए निर्देशों की पालना कराना सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि जिला में सनौली रोड चोटाला रोड, गोहाना रोड, असंध रोड के अतिरिक्त जिन भी मार्गों से कांवड़िए गुजरते है उन सभी मार्गों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के साथ ही मुख्य चौक चोराहों पर बेरिकैडिंग करवाई जाएगी। कांवड़ यात्रा जब चरम पर होगी तब सनौली रोड से वाहनों को डायवर्ट भी किया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस विभाग अलर्ट है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कांवड़ यात्रा में व्यवधान डालने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेंगी। वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस की तैनाती की जाएगी।

Comments