Sunday, April 26, 2026
Newspaper and Magzine


ऐतिहासिक भूमि से एकता और सद्भाव का संदेश देगी गुरु तेग बहादुर स्मृति यात्रा: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 11, 2025 Tags: , , , , ,

-सुरक्षा, स्वच्छता और सेवा से सजेगा श्रद्धा का सफर: डॉ. पवलीन

-गुरु तेग बहादुर की स्मृति में पानीपत से उठेगी एकता की मशाल

-हिंद की चादर मंचन से गूंजेगा भाईचारे का संदेश

-पानीपत टोल पर होगा स्वागत कार्यक्रम

BOL PANIPAT , 11 नवंबर। गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में आयोजित होने वाली पवित्र यात्रा एवं हिंद की चादर नाट्य मंचन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और डॉ. पवलीन ने सभी धर्मों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, सुरक्षा, स्वच्छता और समन्वय के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
  बैठक में विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर उपायुक्त ने स्वानुभूति पूर्वक और सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने अपने बलिदान से मानवता, धर्म और एकता की जो मिसाल कायम की, वह सदियों तक प्रेरणा देती रहेगी। यह यात्रा केवल श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि साम्प्रदायिक सद्भाव और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनेगी। जिला प्रशासन पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटा है ताकि पानीपत से शांति और एकता का सशक्त संदेश पूरे प्रदेश में जाए।

    डॉ. दहिया ने बताया कि 14 नवंबर को विशाल दहिया की स्मृति में बडख़ालशा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 19 नवंबर को आर्य कॉलेज सभागार में हिंद की चादर नाट्य मंचन के माध्यम से समाज में एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी।
  डॉ. पवलीन ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक होगी। जिन मार्गों से पालकी साहिब गुजरेगी, वहां स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। एंबुलेंस यात्रियों के साथ रहेगी और टोल पर श्रद्धालुओं के लिए भव्य लंगर का आयोजन होगा। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डॉ. पवलीन ने बताया कि यात्रा के मार्ग में आने वाले सभी शराब ठेके और मांसाहारी दुकाने बंद रहेंगी, ताकि वातावरण पूर्णत: श्रद्धा और पवित्रता से ओत-प्रोत रहे।
    उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि 18 नवंबर को यात्रा का ठहराव इसराना साहिब में रहेगा। अगले दिन सुबह यात्रा पानीपत टोल से होकर घरौंडा की ओर प्रस्थान करेगी। टोल पर विभिन्न समुदायों के लोग मिलकर यात्रियों का भव्य स्वागत करेंगे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज, एसडीएम मनदीप कुमार, और विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और कहा कि यह आयोजन पानीपत से पूरे प्रदेश में एकता, शांति और भाईचारे का अद्भुत संदेश फैलाएगा।

Comments