रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर पानीपत होगा राममय।
-21 को निकलेगी शोभा यात्रा, सभी संस्थाएं आई एक मंच पर, होगा भव्य कार्यक्रम।
-दिवाली की तरह सजेगा पानीपत, लाइटिंग की होगी पूरी व्यवस्था।
BOL PANIPAT : 15 जनवरी। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाली रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर पानीपत में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन होगा। यह शोभा यात्रा 21 जनवरी को सांय 4 से 8 बजे तक जीटी रोड पर आयोजित होगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस शोभा यात्रा में शामिल हो अपना शुभ संदेश भी देंगे।
सोमवार को जिला सचिवालय में पानीपत की सभी धार्मिक,सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाएं इस भव्य शोभा यात्रा को सफल बनाने को एक मंच पर आई जिसमें मुख्य रूप से करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार,पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज,भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता, भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने सभी अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर संस्थाओं के समक्ष गहन मंथन किया।

DC डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने सभी संस्थाओं को आश्वस्त किया कि प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर निकलने वाली इस शोभायात्रा में जिला प्रशासन हर तरह सहयोग प्रदान करेगा और किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। कानून व्यवस्था संभालने के लिए विभिन्न ड्यूटी मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारी भी लगाए जाएंगे। यही नहीं जगह-जगह एम्बुलेंस भी तैनात होंगी और मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा।
यह यात्रा स्काईलार्क से शुरू होकर डेरा बाबा जोध सचियार पर समाप्त होगी। करीब अढ़ाई किलोमीटर के इस पैच को पूरी तरह से वाहनों के लिए ब्लॉक किया जाएगा और इस पर अयोध्या के श्री राम मंदिर का स्वरूप रथ पर स्थापित कर लाया जाएगा। यही नहीं विभिन्न संस्थाएं भी इसमें पूर्ण रूप से भाग लेंगी।
राहगीरी थीम पर लगेंगे विभिन्न स्टॉल
जीटी रोड़ पर सर्विस लेन पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्टॉल भी लगाई जाएंगी। जिनमें पानी, चाय, पुष्प वर्षा व अन्य सेवा भी संस्थाओं की ओर से की जाएगी। पुल के नीचे जगह-जगह पर विभिन्न छोटे-छोटे मंच भी बनाए जाएंगे। जिनमें कीर्तन, भजन एवं धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चलेंगे। इस बैठक में एडीसी वीना हुड्डा, जिला परिषद के सीईओ विवेक चौधरी, एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह, एसडीएम समालखा अमित कुमार, नगराधीश राजेश कुमार सोनी के साथ-साथ विभिन्न विभागों के विभाग अध्यक्ष और सैकड़ो की संख्या में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Comments