सर्वजातीय जन पंचायत द्वारा विजय जैन को समर्थन देने का ऐलान किया गया।
BOL PANIPAT, [19 सितम्बर]: पानीपत ग्रामीण हलके के लोकप्रिय और सर्वजातीय पंचायत के आजाद उम्मीदवार विजय जैन ने आज अपने जनसंपर्क अभियान के तहत गांव दीवाना, नांगल खेड़ी, निबंरी, रिशालु, देशराज कॉलोनी, महादेव कॉलोनी, भगत नगर, और संत नगर कॉलोनी में जनसभाओं को संबोधित किया। सभी स्थानों पर भारी जनसमूह ने विजय जैन का जोरदार स्वागत किया। गांव दीवाना और नांगल खेड़ी में विशेष रूप से ट्रैक्टरों और मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। नांगल खेड़ी की पंचायत ने विजय जैन को चांदी का विजय रथ उपहार में देकर उनका मान-सम्मान बढ़ाया।
अपने संबोधन में विजय जैन ने कहा, “पानीपत ग्रामीण हल्के में जो जनसमर्थन मुझे मिल रहा है, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा। राजनीति में मैं धन कमाने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सेवा के उद्देश्य से आया हूं। आप 5 अक्टूबर को सेब के निशान पर बटन दबाकर मुझे कामयाब बनाएं, मैं अगले पांच वर्षों तक आपकी सेवा करूंगा। इस हल्के की गरीब जनता ही मेरा भगवान है, और मैं उसकी सेवा को अपनी पूजा मानता हूं।”
इस अवसर पर गांव नांगल खेड़ी के सरपंच राममेहर उर्फ मेहरू ने विजय जैन की सराहना करते हुए कहा, “भाई विजय जैन एक समाजसेवी और दानवीर व्यक्ति हैं, और उनका परिवार पिछले 30 वर्षों से समाज की सेवा कर रहा है। पानीपत ग्रामीण की जनता को ऐसे समाजसेवी का साथ देना चाहिए ताकि वह आने वाले पांच वर्षों तक आपकी सेवा कर सके।”
इस जनसंपर्क कार्यक्रम में गांव दीवाना के पूर्व सरपंच कृष्ण भोक्कर, नांगल खेड़ी के पूर्व सरपंच राजवीर और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
सर्वजातीय जन पंचायत का समर्थन:
आज सर्वजातीय जन पंचायत द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कार्यक्रम में पंचायती व सामाजिक उम्मीदवार विजय जैन को समर्थन देने का ऐलान किया गया। इस मौके पर पंचायत के ग्रामीण जिला अध्यक्ष जसवीर कादयान जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि, तथा पंचायत के संयोजक व दलित,शोषित, पिछड़ा वर्ग के नेता डॉक्टर नरेंद्र जेसिया मौजूद रहे। सर्वजातीय जन पंचायत के अध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत ने कहा, “अब यह चुनाव भाई विजय जैन का नहीं, सर्वजातीय जन पंचायत का है। हम विजय जैन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और उन्हें विजयी बनाने में दिन-रात एक कर देंगे। विजय जैन ही इस हल्के का विकास कर सकते हैं और भ्रष्टाचार खत्म करने की ताकत रखते हैं।” कोर ग्रुप सदस्य अजय सिंगला ने कार्यकर्ताओं को आव्हान किया की वो भाजपा की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एक जुट हो जाए व तब तक चैन से ना बैठे जब तक की जीत का सेहरा ना बंध जाए हमे इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना है।
उन्होंने आम जनता से भारी बहुमत से विजय जैन को जिताने की अपील की।

Comments