धूमधाम के साथ मनाया गया श्री 1008 महावीर स्वामी दिगंबर जिनालय (छोटा मंदिर) नवीनीकरण पंच दिवसीय महोत्सव
BOL PANIPAT : जैन मोहल्ला में श्री 1008 महावीर स्वामी दिगंबर जिनालय (छोटा मंदिर) नवीनीकरण पंच दिवसीय महोत्सव में आज तृतीय दिवस परम पूज्यनीय गणिनी आर्यिका 105 आर्षमति माताजी के पावन सानिध्य में धूमधाम के साथ मनाया गया
आज सर्वप्रथम भगवान का अभिषेक एवं शांति धारा के उपरांत मंत्रोच्चारण के बीच ध्वजारोहण सुनील जैन ममता जैन के द्वारा किया गया. तत्पश्चात सौभाग्यवती महिलाओं के द्वारा मस्तक पर कलश धारण कर घट यात्रा निकाली गई तत्पश्चात प्रतिष्ठाचार्य डा. अभिषेक जैन के निर्देशन में मंडप शुद्धि एवं वेदी शुद्धि की प्रक्रियाएं प्रारंभ हुई एवं श्री चौसठ ऋद्धि विधान का शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर विशेष रूप से परम पूज्य गणिनी आर्यिका माता जी द्वारा सौभाग्यवती महिलाओं को सौभाग्य सूचक दुपट्टा देकर आशीर्वाद प्रदान किया
आज उन्होंने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि पानीपत नगर के लोगों को किसी प्रकार की कोई लालसा नहीं है अपितु स्नेह की आवश्यकता है पानीपत का इतिहास समृद्धिशाली है इसका अनुमान यहां पर स्थापित जिन बिम्बो को देखकर किया जा सकता है तथा यहां पर सभी जिन प्रतिमाएं महाअतिशयकारी हैं ऐसी प्रतिमाओं के दर्शन करने मात्र से अनंत अनंत कर्मों की निर्जरा हो जाती है. परम पूज्य गुरु मां ने कहा कि चौसठ रिद्धि धारी मुनिराज की महा आराधना करने का सौभाग्य पानीपत नगरी को प्राप्त हुआ है रिद्धि धारी मुनिराज के सुमिरन मात्र से भव भव के बंधन कट जाते हैं
कल श्री महावीर जिनालय से एक जिनबिम्ब बड़े मंदिर के नवीन जिनालय की अस्थाई वेदी के सम्मुख विराजमान कर याग मंडल विधान किया जाएगा । आज विशेष रुप से भगवान कुंथुनाथ मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर महालाडू चढ़ाने का सौभाग्य श्री आदिनाथ महिला मंडल हुड्डा को प्राप्त हुआ
इस अवसर पर जानकारी देते हुए प्रधान सुनील जैन ने बताया कि परसों यानि 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर प्रातः की बेला में बैंड बाजे व शहनाई वादन के साथ छोटे मंदिर से प्राचीन जिनबिम्बो को इंद्रों के द्वारा मस्तक पर विराजमान कर नवीन जिनालय बड़ा मंदिर जी में विराजमान किया जाएगा उन्होंने सभी से अनुरोध किया इस ऐतिहासिक क्षण में सभी लोग सम्मिलित हो

Comments