विधिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष कार्यक्रम
-एनएएलएसए आशा योजना और सामुदायिक मध्यस्थता पर स्कूल में हुआ व्यापक जागरूकता अभियान
BOL PANIPAT , 24 फरवरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिवाह में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला स्वास्थ्य विभाग, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, पानीपत, जिला शिक्षा विभाग और एमडीडी ऑफ इंडिया गैर सरकारी संगठन के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती वर्षा शर्मा द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण करके की गई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित संदेश का महत्व बताते हुए विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से इस दिशा में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण के महत्व और उसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने एनएएलएसए की एनएएलएसए आशा (जागरूकता, सहायता और कार्रवाई) योजना, 2025 के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि यह योजना बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। यह हमारे पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक कार्य है। पेड़ हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जो जीवन के लिए अनिवार्य है। इसके अलावा, वे हमें छाया देते हैं, मिट्टी को कटाव से बचाते हैं और अनेक जीव-जंतुओं का आवास भी होते हैं। वृक्षारोपण से वातावरण में शुद्धता आती है और प्रदूषण कम होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और अधिक समन्वित समुदायों के निर्माण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम में गांव सिवाह के सरपंच, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिवाह के प्राचार्य और एमडीडी ऑफ इंडिया गैर सरकारी संगठन की टीम भी उपस्थित रही। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता रैली का शुभारंभ वर्षा शर्मा द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि यह पहल समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के उन्मूलन में एक सार्थक कदम साबित होगी।

Comments