Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


प्रशासन मंडियों में मार्केट फीस चोरी पर कसेगा शिकंजा: उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 20, 2026 Tags: , , , , ,

हर मंडी में तैनात होंगे नोडल व सुपरवाइजरी अधिकारी, रोजाना होगी रिपोर्टिंग

मंडियों के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई

रबी फसल खरीद को लेकर प्रशासन कर रहा व्यापक इंतजाम

किसानों को नहीं होगी परेशानी, सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

BOL PANIPAT , 20 मार्च। जिला प्रशासन ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी है। एक अप्रैल से जिले की सभी अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी।

    उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी और सुपरवाइजरी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया है।  उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि पानीपत मंडी के लिए एसडीएम मनदीप कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि नायब तहसीलदार सौरभ कुमार और कानूनगो विजेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाबरपुर मंडी में डीडीपीओ राजेश कुमार और हरियाणा रोडवेज के टीएम जयवीर हुड्डा के साथ कानूनगो लेखराज को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि मडलौडा मंडी के लिए एमडी शुगर मिल संदीप कुमार (एचसीएस) को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि तहसीलदार वीरेंद्र गिल और कानूनगो इंतजार को जिम्मेदारी दी गई है। समालखा मंडी में एसडीएम अमित कुमार (एचसीएस) के साथ नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र और कानूनगो अनुप सिंह तैनात रहेंगे। सनौली, बाबैल और बापौली क्षेत्रों के लिए जिला राजस्व अधिकारी कनाब लाकड़ा को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि बीडीपीओ शक्ति सिंह, कानूनगो राजेश और इरफान अली को जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार इसराना, नौल्था और उरलाना मंडियों के लिए एसडीएम नवदीप सिंह (एचसीएस), नायब तहसीलदार बंसी लाल और कानूनगो कुलविंदर को नियुक्त किया गया है। अहर और छिछराना मंडियों में नगर निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय (एचसीएस), बीडीपीओ विशाल और कानूनगो गगनदीप को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि सभी अधिकारी मंडियों में खाद्यान्न की आवक, तौल, उठान और भंडारण की व्यवस्था को सुचारू बनाएंगे। साथ ही आढ़तियों और मार्केट कमेटी के साथ बैठक कर बारदाना, तिरपाल, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, झरना, क्रेट, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त डॉ .दहिया ने बताया कि मंडियों में किसी भी प्रकार की मार्केट फीस की चोरी नहीं होने दी जाएगी और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी। एमएफएमबी पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निपटारा रोजाना संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाएगा।

    उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन मंडियों का निरीक्षण करें और अपनी रिपोर्ट सुबह 10 बजे और सांय 6 बजे जिला कार्यालय को भेजें, ताकि व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा सके। उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रबी खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित दौरा करें, मौके पर समस्याओं का तुरंत समाधान करें और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान समय पर मिले। जिला प्रशासन का उद्देश्य खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाना है, ताकि रबी खरीद कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Comments