इन्डियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स (I A L) की हरियाणा राज्य कमेटी ने फिलिस्तीन – इजरायल संघर्ष पर गंभीर चिंता व्यक्त की.
BOL PANIPAT , 19 अक्टूबर 2023 : इन्डियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स (I A L) की हरियाणा राज्य कमेटी फिलिस्तीन – इजरायल संघर्ष में हाल में हुई वृद्धि, जिसमें इजरायल के 1180 व फिलिस्तीन में 700 बच्चों समेत 2808 लोगों की मौत हो चुकी है, पर गंभीर चिंता व्यक्त करती है और मौजूदा संघर्ष को तत्काल समाप्त करने की मांग करती है। गाज़ा के खिलाफ इजरायली हमलों को फौरन रोका जाना चाहिए।
यह बिल्कुल स्पष्ट है कि वर्तमान संकट के लिए बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली उग्र दक्षिणपंथी सरकार जिम्मेदार है जिसके द्वारा आक्रामक कदम उठाए गए हैं। फिलिस्तीन की जमीन पर बसने वाले इजरायली नागरिकों की निजी सेनाएं बेरोकटोक कब्जे और हमले कर रही हैं तथा इजरायली सशस्त्र सेनाओं द्वारा फिलिस्तीनियों की हर दिन हत्या की जा रही है और अल अक्सा मस्जिद तथा अल अहरि अस्पताल समेत अनेक स्वास्थ्य केंद्रों पर हमले कर रही हैं।
यह ऐतिहासिक तथ्य है कि इजराइल औपनिवेशिक शक्तियों की रचना है और फिलिस्तीनियों को उनकी ही मातृभूमि के एक कोने में धकेल दिया गया है। संयुक्त राष्ट्र के अनेकों प्रस्तावों के बावजूद फिलिस्तीनियों का उत्पीड़न नहीं रुका है और आज वह खुली जेल में जीने को मजबूर हैं। जब तक फिलिस्तीनी क्षेत्र पर इजरायली कब्जा समाप्त नहीं किया जाता है तब तक इस क्षेत्र में शांति स्थापित नहीं हो सकती। इसलिए भारत की सरकार समेत तमाम अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इजरायल पर दबाव बनाना होगा कि 1967 से पहले वाली सीमाओं के साथ पूर्वी जेरूसलम की राजधानी सहित एक स्वतंत्र फिलिस्तीन राज्य की स्थापना हो।
इन्डियन एसोसिएशन आफ लायर्स के उप प्रधान पवन कुमार सैनी एडवोकेट ने ।एक वक्तव्य में कहा कि इन्डियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स (IAL) की हरियाणा राज्य कमेटी मांग करती है कि हमास और इजरायली सेनाएं तुरंत युद्ध बंद करें। हमास सभी बंधक इजरायली नागरिकों को बिना शर्त रिहा करे और इजरायल गाजा इलाके की बिजली-पानी बहाल करे तथा राहत सामग्री पहुंचाने में रुकावट डालना बंद करे। इन्डियन एसोसिएशन ऑफ लायर्स (IAL) की हरियाणा राज्य कमेटी प्रदेश के सभी जनतांत्रिक संगठनों, आजादी और शांति प्रिय नागरिकों से अपील करती है कि वह सब इस युद्ध के खिलाफ प्रतिरोध की कार्रवाइयां करते हुए इजरायल और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं पर शांति स्थापना के लिए दबाव बनाएं।

Comments