मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम: धनपत सिंह
BOL PANIPAT , 8 जून। हरियाणा के चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों व अन्य सम्बंधित अधिकारियों को आगामी 19 जून को होने वाले निगम चुनावों के सम्बंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस सम्बंध में उन्होंने प्रदेश के सभी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि मतदान के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी अलर्ट रहें व बूथों पर पूरी सजगता के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी ध्यान अवश्य रखें। सुरक्षा और बचाव के लिए मास्क, सैनेटाईजर का उपयोग अवश्य करें। बैठक के उपरान्त जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों का पालन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ नियमों के अनुसार चुनाव सम्पन्न होने चाहिए। इस मौके पर समालखा नगरपालिका चुनाव के सामान्य पर्यवेक्षक सुजान सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन, एसडीएम समालखा एवं नगरपालिका चुनाव रिर्टनिंग अधिकारी अश्वनी मलिक, सीटीएम राजेश सोनी, डीटीओ सूरज सिंह मलिक व अन्य सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments