मोबाइल आधारित सशक्त प्रशिक्षण आवश्यकता आंकलन टूल के बारे में महिलाओं को प्रशिक्षित किया।
BOL PANIPAT : 30 अक्टूबर। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने समुदाय आधारित संगठनों की क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। पानीपत के आरसीआईटी सिवाह में आयोजित बैठक के दौरान मिशन ने मोबाइल आधारित सशक्त प्रशिक्षण आवश्यकता आंकलन टूल के बारे में महिलाओं को प्रशिक्षित किया।
ब्लॉक पानीपत स्कीम इंचार्ज संजय धीमान ने प्रशिक्षण का संचालन किया। प्रोग्राम एसोसिएट करीना ने कहा कि यह टूल ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण की वास्तविक जरूरतों की पहचान करने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके कार्यक्षेत्र में आवश्यक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। लेट्स ड्रीम फाउंडेशन द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किए जा रहे इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण की आवश्यकता और अब तक मिले प्रशिक्षण के बीच के अंतर को कम करना है।
प्रोग्राम एसोसिएट करीना ने बताया कि सशक्त पहल का यह दूसरा चरण है, जिसमें अब हरियाणा राज्य के सभी क्लस्टर स्तरीय फेडरेशनों में इस टूल का उपयोग किया जा रहा है। यह टूल न केवल प्रशिक्षण की जरूरतों को मापेगा, बल्कि सामुदायिक संगठनों की कार्यप्रणाली में डेटा-आधारित सुधार भी लाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं ने इस टूल के माध्यम से अपनी प्रशिक्षण आवश्यकताओं का आंकलन किया और समझा कि यह पहल उनके समूहों की कार्यक्षमता और आत्मनिर्भरता को कैसे बढ़ा सकती है।

Comments