नाकाबंदी कर दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया, 2 देसी पिस्टल, 1 देसी पिस्तौल व 15 जिंदा रौंद बरामद, पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया
BOL PANIPAT , 1 जून : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने समालखा में पुराना थाना के पास नाकाबंदी कर दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी पिस्तौल व 15 जिंदा रौंद बरामद हुए है। आरोपियों की पहचान चुलकाना निवासी देव व प्रशांत उर्फ टिंकू के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम रविवार शाम को गश्त के दौरान समालखा में बस अड्डा के पास थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की चुलकाना निवासी देव व प्रशांत उर्फ टिंकू के पास अवैध हथियार है। दोनों एक बाइक पर सवार होकर चुलकाना से समालखा पुराना थाना के पास से होते हुए खोजकीपुर जाएगे। टीम ने सूचना को पुख्ता मानते हुए समालखा पुराना थाना के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो युवक एक एचएफ डिलक्स बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर बाइक को वापिस मोड़कर भगाने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही काबू किया। बाइक चला रहा युवक कमर पर पीठू बैग टांगे हुए था। पूछताछ में उसने अपनी पहचान देव पुत्र संजय और पीछे बैठे युवक ने अपनी पहचान प्रशांत उर्फ टींकू पुत्र अशोक निवासी चुलकाना के रूप में बताई। पुलिस टीम ने दोनों युवकों की तलाशी ली तो पीठू बैग से दो देसी पिस्टल, पॉलिथिन में पैक 15 जिंदा रौंद और प्रशांत उर्फ टींकू की जींस पेंट से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। दोनों पिस्टल की मैग्जीन निकालकर जांच की तो अनलोड मिली।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों करीब 15 दिन पहले यूपी सहारनपुर में एक युवक से उक्त देसी पिस्टल, देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद 1.40 लाख रूपए में खरीदकर लाए थे। आरोपियों के खिलाफ थाना समालखा में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी प्रशांत उर्फ टिंकू को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी देव को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी देव से पता लगाने का प्रयास करेगी की वह अवैध हथियार किस उद्देश्य के लिए खरीदकर लाए थे और इसके साथ ही असला सप्लायर के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments