हमें मानवता के प्रति समर्पित होकर मानवता के हित के लिए आगे आना चाहिए: उपायुक्त
– विश्व रैडक्रास दिवस पर जिला रैडक्रास सोसायटी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन
– जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया व ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की दिलाई शपथ
– सौ रक्त दाताओं ने शिविर में किया रक्तदान, रक्त दाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया प्रोत्साहित
BOL PANIPAT , 8 मई। विश्व रैडक्रास दिवस पर रैडक्रास भवन में रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचे उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने रैडक्रास के संस्थापक सर जीन हैनरी डयूनॉट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्जवलन किया और रिबन काट कर शिविर की शुरूआत की व मतदान के प्रति नागरिकों को जागरूक करते हुए मतदाता जागरूकता रैली को रवानगी दी। उन्होंने मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने को लेकर विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने इस मौके पर वाटर कूलर को आमजन को समर्पित किया। रक्त दान शिविर में सौ रक्त दाताओं ने रक्त दान किया।
उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष मेें चार बार रक्त दान करना चाहिए। रक्त से किसी भी मजहब का दूर से संबंध नहीं है। रक्त दान करने वाली आत्माएं सकारात्मक होती है। जो समाज में अन्य लोगो के लिए भी प्रेरणादायक साबित होती है। रक्त दान को लेकर लोगों के प्रयास अन्य के लिए भी लाभदायी साबित हुए है चाहे वो किसी भी धर्म व मजहब से क्यों न जुड़े हो।
उपायुक्त ने कहा कि रक्त दान करने वाले ज्यादातर युवा हैं। उनका जज्बा दूसरों के लिए भी मार्गदर्शन का कार्य करता है। एक ही प्रकृतिक शक्ति है जो इस पूरे आभा मंडल का संचालन करती है। समय- समय पर अलग- अलग युग पुरूषों ने यह बताने का प्रयास भी किया है। हमें मानवता के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए व प्रकृति से जुडक़र मानवता के हित के लिए आगे आना चाहिए।

उपायुक्त ने शिविर में पहुंचे रक्त दाताओं का हौसला बढ़ाया व रक्त दान के महत्व पर उनके साथ विचार साझा किए। उन्होंने प्रशस्ति पत्र देकर भी उन्हें सम्मानित किया। उपायुक्त ने इस दौरान मतदान करने की शपथ भी दिलाई। उपायुक्त ने मतदाता जागरूकता रैली में शपथ दिलाते हुए कहा कि हमें भारत के नागरिक होने का गर्व है व हम लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते है। अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेगें तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखते हुए, निर्भिक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार प्रयोग करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि स्वैच्छिक रक्त दान से हम स्वस्थ रहते हैं। हमें भय, भम्र और शंकाओ से दूर हटकर रक्तदान करना चाहिए। रक्त दान से पहले तरल पदार्थो का सेवन करना चाहिए। आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए। रक्तदाता को चाहिए कि वो अगर किसी प्रकार की दवाई ले रहा है तो इसकी जानकारी रक्त दान से पूर्व देनी चाहिए। संतुलित भोजन व पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। इस मौके पर उपायुक्त ने कुछ सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया। इस मौके पर रैडक्रास सोसायटी सचिव गौरव, डॉ. सोनू सिंह, जसमेर सिंह, सुदेश कुमारी, कला भारद्वाज, कुलदीप सिंह, सोनिया शर्मा, ईशा शर्मा, मोहित, जेआरसी कोर्डिनेटर मीना कुमारी, शक्ति सिंह, नीरज सैनी, हरिओम आदि मौजूद रहे।

Comments