Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की होनहार छात्रा का भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र मुम्बई में बतौर साइंटिफिक ऑफिसर चयन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at July 19, 2023 Tags: , , , ,

प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी एमएससी केमिस्ट्री की यह छात्रा 

बीएआरसी में कार्य करके देश के ज्ञान एवं विकास को नये क्षितिजों तक ले जाने का प्रयास करुँगी: पूजा साइंटिफिक ऑफिसर बीएआरसी 

BOL PANIPAT , 19 जुलाई. 

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की एमएससी केमिस्ट्री की होनहार छात्रा पूजा का बतौर साइंटिफिक ऑफिसर चयन भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र मुम्बई में हो गया है जिससे पूरे कॉलेज, जिले और प्रदेश को गर्व की अनुभूति हुई है. कॉलेज की यह होनहार छात्रा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का श्रौत बनी है. कॉलेज प्रधान पवन गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा और अन्य प्राध्यापकों ने पूजा एवं उनकी माता-पिता को इस विलक्षण उपलब्धि पर बधाई देते हुए पूजा की मेहनत और लगन की जमकर तारीफ़ की. विदित रहे कि भारत का परमाणु कार्यक्रम डा. होमी जहांगीर भाभा के नेतृत्व में आरम्भ हुआ था और इसी उद्देश्य की प्राप्ति हेतू भारत सरकार के परमाणु उर्जा विभाग के अन्तर्गत नाभिकिय विज्ञान एवं अभियांत्रिकी एवं अन्य संबन्धित क्षेत्रों के बहु-विषयी भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र को स्थापित किया गया. भाभा परमाणु अनुसंधान (बीएआरसी) केंद्र द्वारा मूलभूत प्रयोगशाला बेंच स्केल अनुसंधान से लेकर संयंत्र प्रचालन तक व्यापक वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी गतिविधियों तक की व्यापक सुविधाए  उपलब्ध कराई जाती है. ग्रुप ‘सी’ में बतौर साइंटिफिक ऑफिसर चयनित होकर छात्रा पूजा ने न सिर्फ प्रदेश के युवाओं को प्रेरित किया है बल्कि इस बात को भी साबित किया है कि कॉलेज में चल रहे एमएससी फिजिक्स और केमिस्ट्री के विद्यार्थियों को वाकई में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कॉलेज प्रशासन प्रदान कर रहा है. कैंपस प्लेसमेंट के अलावा भी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कई ऊँचे पदों को हासिल कर कॉलेज का मान बढाया है. ग्रामीण अंचल से आने वाले विद्यार्थियों के लिए तो इस उपलब्धि के और भी मायने है क्यूंकि पूजा के चयन ने इस बात को भी गलत साबित किया है कि बीएआरसी में चयन पर सिर्फ शहरी विद्यार्थियों तक ही सीमित है. पूजा ने बीएससी की शिक्षा भी इसी कॉलेज से ही ग्रहण की थी.   

पवन गोयल प्रधान ने अपने बधाई सन्देश में कहा कि कॉलेज कुरुक्षेत्र विश्वविधालय रसायन विभाग के अतिरिक्त एमएससी केमिस्ट्री विषय को प्रारम्भ करने वाला एक अग्रणी कॉलेज है जिससे जिले के खासतौर पर ग्रामीण विद्यार्थियों को अत्यधिक फायदा हुआ है. हर्ष की बात यह है कि इस पाठ्यक्रम के प्रारम्भ होने के बाद से ही एमएससी रसायन के अनेकों विद्यार्थियों ने यूनिवर्सिटी मेरिट लिस्ट में सर्वोच्च स्थान पाकर अपना भविष्य उज्जवल किया है और कॉलेज को गौरवान्वित किया है. पूजा के परिणाम ने तो इस विभाग की उपलब्धियों पर चार चाँद लगाए है. 

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि भारत के सर्वप्रथम और ख्याति प्राप्त संस्थान बीएआरसी से किसी भी प्रकार से जुड़ना अपने आप में गर्व की अनुभूति कराता है. पूजा ने तो बतौर साइंटिफिक ऑफिसर चयनित होकर इस ख़ुशी को दुगना कर दिया है. बीएआरसी की कार्यात्मक गतिविधियों में पारंपरिक विचारों से लेकर नवोदित क्षेत्रों तक के सभी विषय शामिल होते हैं, इस संस्था का मूल अधिदेश विद्युत उत्पादन तथा नाभिकीय ऊर्जा के शांतिमय प्रयोग हेतु आवश्यक सभी अनुसंधान एवं विकास सहायताओं को प्रदान करना है. बीएआरसी द्वारा भुक्तशेष ईंधनों के रासायनिक संसाधन, नाभिकीय अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान के साथ-साथ उद्योग, चिकित्सा एवं कृषि के क्षेत्रों में नए आइसोटोप अनुप्रयोग प्रौद्योगिकियों के विकास आदि के लिए निपुणता प्रदान की जाती है. यही दायित्व कॉलेज की युवा छात्रा पूजा ने निभाने है. 

छात्रा पूजा ने बताया कि बीएआरसी में भौतिकी, रसायनिकी एवं जैविक विज्ञानों में प्रगत अनुसंधान कार्य को तीव्रता से आगे बढ़ाने का प्रयास करती है ताकि देश को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया जा सके. बीएआरसी एक बहुमुखी संस्था है जहाँ किये गये अनुसंधान के परिणामों को विकासशील स्तर तक स्थानांतरित कर संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है. मैं यहाँ रहकर अपने अथक प्रयासों से इस देश के ज्ञान एवं विकास को नये क्षितिजों तक ले जाने का भरपूर प्रयास करुँगी. 

Comments