संविधान की प्रस्तावना में प्रथम शब्द में ही समस्त भारत के नागरिकों को संगठित होने का आह्वान किया गया है: आरती शिंगला
BOL PANIPAT : माता सीता रानी सेवा संस्था द्वारा संचालित निर्मला देशपाण्डे संस्थान स्थित हाली अपना स्कूल में 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लिनेस क्लब, यूथ विंग, पानीपत की अध्यक्ष सोनू सिंगला ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि हमारा संविधान दुनिया के किसी भी गणतांत्रिक देश का सबसे लंबा संविधान है। 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने इसे अपनाया और 26 जनवरी 1950 से इसे लागू किया गया। संविधान का अर्थ है- नियम- कानून जिसका पालन सभी को करना चाहिए। भारतीय संविधान देश के सभी नागरिकों को समता, बंधुत्व एवं लोकतंत्र का संदेश देता है। यह हमें अधिकार देता है कि संविधान के सम्मुख सभी नागरिक चाहे वे किसी भी धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र एवं लिंग के हो इस देश में बराबर के अधिकारी हैं। आज के दिन हमारे बुजुर्गों ने संविधान के अनुरूप इस देश को चलाने का संकल्प लिया था ।भारत के संविधान को बचाने की जिम्मेदारी हम सब नागरिकों की है जो हमारा कर्तव्य भी है।

क्लब की निदेशक आरती शिंगला ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में प्रथम शब्द में ही समस्त भारत के नागरिकों को संगठित होने का आह्वान किया गया है। इस दिन हर भारतीय अपने देश के लिए प्राण देने वाले अमर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं । हमारे देश को आजादी किसी भी एक व्यक्ति के कारण नहीं मिली बल्कि उसके लिए बहुत सारे लोगों को बलिदान देना पड़ा। गणतंत्र दिवस मनाने का उद्देश्य ही यह है कि हम उन महान पुरुषों के बलिदान को याद करते हैं और उनसे प्रेरणा लेते हैं । सभी उपस्थित अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए लिनेस क्लब यूथ विंग, पानीपत की अध्यक्ष सोनू सिंगला और निदेशक आरती सिंगला को माता सीता रानी सेवा संस्था की अध्यक्ष कृष्णकांता द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और क्लब द्वारा पहली से चौथी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्लोगन प्रतियोगिता और पांचवीं से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और विजयी विद्यार्थियों को क्लब के पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
इस मौके पर विद्यार्थियो ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये । कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और राष्ट्रभक्ति नारों से हुआ। अतिथियों ने सभी उपस्थित जन को गणतंत्र दिवस की बधाई दी व बच्चों को रिफ्रेशमेंट वितरित की। इस अवसर पर लिनेस क्लब के पदाधिकारी शालू, मंजू, सपना, खुशबू , हाली अपना स्कूल की मुख्याध्यापिका प्रिया लूथरा, राम मोहन राय, एडवोकेट, माता सीता रानी सेवा संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष शिव वाणी, महासचिव पूजा सैनी, परामर्शदात्री सुनीता आनंद,आर्य समाज के नेता नरेंद्र आर्य,दिशीता ,रोज़ी चावला , सोनिया, रोशनी, सोनी, श्रुति , डॉली और मुकेश मौजूद रहे।

Comments