संत समागम कार्यक्रम के तीसरे दिन स्वामी दयानन्द सरस्वती जी महाराज ने सुनाये प्रेरक प्रसंग.
BOL PANIPAT : श्री संत द्वारा हरि मन्दिर, निकट सेठी चौक, पानीपत के प्रांगण में नव विक्रमी सम्वत 2081 के उपलक्ष्य के अवसर पर परम पूज्य 1008 स्वामी दयानन्द सरस्वती जी महाराज (मुरथल वाले) की अध्यक्षता में सप्ताह भर चलने वाले संत समागम कार्यक्रम के तीसरे दिन महाराज श्री ने प्रवचन करते हुए कहा कि एक बार एक राजा के 3 लड़के थे। जब वह बड़े हुए तो राजा को असमंसज हुआ कि किस लड़के को राजगद्दी सौंपी जाए। राजा ने एक संत से इस बारे में पूछा तो संत ने युक्ति बता दी। फिर राजा ने अपने तीनों पुत्रों को बुलाया और संत के कहे अनुसार उन तीनों को 100-100 रूपये दिये और कहा कि तुमने अपने-अपने राजमहल को इस 100रू से भरना है। बड़े लड़के ने सोचा कि 100रूपये में क्या आएगा तो उसने और पैसे बढ़ाने के चक्कर में जुआ खेल लिया और हार गया। दूसरे पुत्र ने सोचा कि इतने कम पैसे में राजमहल को कैसे भरें तो उसने अपने राज्य में लोगों को एक-एक रूपया दिया और उनसे शहर का कूड़ा-करकट अपने महल में भरने को कहा। जिससे उसका पूरा महल दुर्गंध से भर गया। राजा के तीसरे बेटे ने 100 रू के दीपक और तेल खरीदकर पूरे महल को रोशनी से भर दिया। राजा अपने तीसरे बेटे की बुद्धिमत्ता से प्रभावित हुआ और उसे अपने राज्य का सम्राट घोषित कर दिया। स्वामी जी ने कहा कि भगवान ने इसी प्रकार हमें यह राज्य रूपी शरीर भेजा है। यह हम पर निर्भर करता है कि हम जुआ आदि कुकर्म कर अथवा अपने अंदर व्यस्नों रूपी दुर्गंध भर इसे खराब करते हैं या अपने अंदर ज्ञान का उजाला करते हैं। इससे पूर्व पूज्य महन्त स्वामी अरूणदास जी महाराज जगन्नाथ धाम ट्रस्ट एवं पूज्य संत श्री रामसुखदास जी महाराज कलानौर ने अपने वचनों से संगतों को निहाल किया। प्रसिद्ध भजन गायक वेद कमल ने भजन ‘ मैं दर पे सर झुकाना चाहता हूँ, तुम्हें अपना बनाना चाहता हूँ’ गाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इस अवसर पर रमेश चुघ प्रधान, हरनाम चुघ, उत्तम आहूजा, ईश्वर लाल रामदेव, किशोर रामदेव, दर्शन रामदेव, कर्म सिंह रामदेव, ओम प्रकाश चौधरी, अमरजीत सपड़ा, महेन्द्र चुघ, गोल्डी बांगा, अमर वधवा, सुरेन्द्र जुनेजा, ओमी चुघ, अमन रामदेव, हरनारायण जुनेजा, गुलशन नन्दवानी, श्याम लाल सपड़ा, सोनू खुराना, गोपी मेंहदीरत्ता गुलशन रामदेव, आत्म खुराना, जगदीश जुनेजा, राघव चुघ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Comments