चुनाव का पर्व-देश का गर्व: एडीसी
-जिला में वोट बनवाने के लिए आगे आ रहे युवा
-10 दिसंबर से 15 अप्रैल तक 23869 युवाओं ने बनवाया वोट: एडीसी पंकज यादव
BOL PANIPAT , 16 अप्रैल। एडीसी एवं स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ पंकज यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय में स्वीप कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं में अपना वोट बनवाने के लिए उत्साह का माहौल है। केवल युवाओं को प्रेरित करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ था। भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार और डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ वीरेंद्र दहिया के मार्गदर्शन में ज्यादा से ज्यादा पात्र युवाओं का वोट बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया हुआ है। ऐसे युवा जिनकी आयु एक अप्रैल को 18 वर्ष की हो चुकी है, ऐसे युवा जो अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के पात्र हैं वे अपना वोट 25 अप्रैल तक बनवा सकते हैं।
एडीसी ने बताया कि स्वीप कार्यक्रम के अच्छे परिणाम आ रहे हैं और जिलाभर में 10 दिसंबर से 15 अप्रैल तक 23869 युवाओं ने वोट बनवाया है जबकि 1584 अन्य नए वोट और बनने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि सभी महाविद्यालयों के प्रधानचार्यों को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं की वोट बनवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 25 अप्रैल तक जो भी युवा या व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा लेगा वह 25 मई को लोकसभा के लिए होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है।

Comments