पुलिस ने एनजीओ के सदस्यों को साथ लेकर क्षेत्र में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया.
BOL PANIPAT : 19 जून 2024, हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशे के खिलाफ “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने जिले में अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए है। पुलिस टीमों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के क्रार्यक्रम आयोजित कर जिसमे नशीली दवाओं व नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों व दुष्प्रभाव बारे जानकारी देकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में थाना माडल टाउन पुलिस की टीम ने बुधवार को एनजीओ को साथ लेकर माडल टाउन क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आमजन से अपील की गई कि किसी के परिवार में कोई नशे का कारोबार करता है या नशे का सेवन करता है तो बगैर किसी संकोच के उसकी सूचना दें ताकि नशे जैसी बुराई को समाप्त किया जा सके।
उप पुलिस अधीक्षक सतीश गौतम ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है। एक बार नशे के दलदल में फंस जाते हैं तो फिर फंसते ही चले जाते हैं। देश का युवा वर्ग इस दलदल में और अधिक न फसने पाए, इसके लिए सबसे जरूरी है युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताना और नशे के खिलाफ जागरूक करना।
उन्होंने बताया कि समाज में कई तरह के अपराध तो केवल नशे के कारण होते हैं। कुछ लोग लूट-मार जैसी वारदातों को केवल इसी लिए अंजाम देते हैं ताकि वे नशीले पदार्थों की अपनी जरूरत पूरी कर सकें। जिला पुलिस की टीमों ने आह्वान किया कि सामाजिक संस्थाएं, युवा क्लब व गठित कमेटियां “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” जागरूकता अभियान में जिला पुलिस का सहयोग करें।

Comments