BOL PANIPAT : आई. बी. (पी जी) महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के "स्वच्छता ही सेवा" अभियान के तहत एनएसएस इकाई द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। स्वच्छता ही सेवा का उद्देश्य भारत भर के समुदायों को देश की सफाई और स्वच्छता के प्रयासों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सफाई और स्वच्छता के महत्व को सुदृढ़ करना है। एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। 17 सितंबर को एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी खुशबू द्वारा स्वच्छता ही सेवा पर विस्तार व्याख्यान दिया गया, जिसमें सभी को समझाया गया कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए| उन्होंने जन-आंदोलन और जन-भागीदारी के माध्यम से समर्थन प्रदान करके खुले में शौच-मुक्त और स्वच्छ भारत के मिशन के लक्ष्य को प्राप्त करने की अपील की। 19 सितंबर को स्वच्छ भारत अभियान पर पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। 21 सितंबर को "स्वच्छ और स्वस्थ भारत" पर कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई योजना स्वच्छता ही सेवा पर अपने विचार व्यक्त किए। 24 सितंबर को कॉलेज में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अच्छी रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा को उजागर किया। 25 सितंबर को गांधी जी के सफाई आदर्शों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। 27 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 120 यूनिट रक्त संग्रहीत किया गया। 30 सितंबर को कॉलेज परिसर में पौधारोपण का आयोजन किया गया। 1 अक्टूबर को स्वच्छता के महत्व पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और 2 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा थीम पर एनएसएस और यूथ रेड क्रॉस द्वारा रैली निकाली गई | महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता प्रथाओं के बारे में जागरूकता पैदा करना है। स्वच्छता हमारे जीवन में महत्वपूर्ण है और यह सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि एक आदत होनी चाहिए। स्वच्छता की एक अच्छी आदत न केवल हमारे हृदय को स्वच्छ रखती है, बल्कि समाज को भी स्वच्छ रखने में मदद करती है।
Comments