मंडियों में किसानों की फसल उठान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
मंडियों में किसानों को परेशानी हुई तो संबंधित एजेंसियों पर होगी सख्त कार्रवाई
किसानों की मांगों पर सरकार गंभीर, समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास: गजेंद्र सलूजा
जिला सचिवालय पहुंचे किसानों ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नाम सौंपा ज्ञापन
BOL PANIPAT , 28 अक्टूबर। किसानों की समस्याओं के समाधान और मंडियों में धान की उठान में तेजी लाने की मांग को लेकर मंगलवार को किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ मंडियों में धान की उठान में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए धान उठान से संबंधित मामलों पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों को फोन पर आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्देशों के बावजूद कार्रवाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि किसानों को किसी भी सूरत में परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में किसानों की फसल की खरीद और उठान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। धान की उठान में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
उपायुक्त ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अवसर पर किसान यूनियन से जुड़े दिलबाग बिंझौल, दिलबाग मलिक, रविंद्र बबैल, रविंद्र अहलावत, संदीप अहलावत, शमशेर पूनिया सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।

Comments