शिव नगर पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों के लिए विशेष मूवी शो और पार्टी का आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : राजस्थान परिवार सेवा समिति व रोटरी क्लब पानीपत द्वारा एक भावुक और सराहनीय प्रेरणादायक पहल के तहत शिव नगर पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों के लिए विशेष मूवी शो और पार्टी का आयोजन किया गया।राजस्थान परिवार के सचिव राजेंद्र खुराना ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके भीतर छिपी प्रतिभा को उभारने में सहायक होते हैं। बच्चो को मनोरंजन से भरपूर फिल्म “सितारे ज़मीन पर” दिखाई, जो बच्चों की भावनाओं, आत्मविश्वास और शिक्षा के महत्व को दर्शाती है। फिल्म के बाद मैकडॉनल्ड रेस्टोरेंट में स्वादिष्ट व्यंजन व मनोरंजक गतिविधियों से भरपूर पार्टी का आनंद भी दिलाया। यह आयोजन मित्तल मॉल स्थित फन सिनेमा में किया गया, जहाँ बच्चों ने उत्साह और खुशी के साथ फिल्म का आनंद लिया।
रोटरी क्लब के प्रधान संजीव मनचंदा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्यार, अपनापन और खुशी का अनुभव कराना था। राजस्थानी परिवार के प्रधान नरेश आचार्य ने बताया कि “सितारे ज़मीन पर” जैसी फिल्म बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आत्मविश्वास देने का बेहतरीन माध्यम है। यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक प्रेरणा देने की कोशिश थी कि हर बच्चा खास होता है।
बच्चों के मुस्कुराते चेहरों ने कार्यक्रम की सफलता की कहानी खुद बयां की।
विजय सैनी ने कहा कि कहा “इन बच्चों को समाज का प्यार और साथ देना हमारा कर्तव्य है। हम आगे भी ऐसे आयोजन करते रहेंगे ताकि बच्चों के जीवन में खुशियाँ और आत्मविश्वास बना रहे।” पुनर्वास केंद्र के पदाधिकारियों और बच्चों ने समिति के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर चैम्बर ऑफ कॉमर्स हरियाणा के प्रधान विनोद खंडेलवाल, पी डी चौधरी, बलदेव खुराना, तिलक सपड़ा, धर्मेन्द्र पारीक, बृज मोहन शर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Comments