Thursday, April 23, 2026
Newspaper and Magzine


नवागंतुक विद्यार्थियों के सम्मान और स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 4, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. पी.जी. कॉलेज, पानीपत के अंग्रेज़ी विभाग द्वारा नवागंतुक विद्यार्थियों के सम्मान और स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डाॅ. शशि प्रभा मलिक , विभागाध्यक्ष डॉ नीलम, लाइब्रेरियन डॉ प्रवीन कुमार एवं अंग्रेजी विभाग के अन्य प्राध्यापकों के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि कॉलेज हर साल नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन करते हैं। इस पार्टी का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों का स्नेहपूर्ण स्वागत करना होता है। इसके अलावा, इस तरह के आयोजन जूनियर्स को एक-दूसरे से जुड़ने और सीनियर्स के साथ बेहतर तालमेल बनाने में मदद करते हैं। इससे सभी के बीच बेहतर समझ विकसित होती है और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।ऐसी पार्टियाँ छात्रों में आत्मविश्वास जगाती हैं और उनकी रचनात्मकता को निखारती हैं।। विभागाध्यक्ष डॉक्टर नीलम ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कॉलेज  सिर्फ़ एक इमारत नहीं है, बल्कि ज्ञान का एक मंदिर है, जहाँ इन विद्यार्थियों की आशाओं, सपनों और आकांक्षाओं को पंख लगेंगे। वे सभी यहाँ ज्ञान के विशाल वृक्ष की तरह बढ़ेंगे और एक समृद्ध परंपरा का हिस्सा बनेंगे। सफर में चुनौतियाँ आएंगी, असफलताएँ भी मिलेंगी, लेकिन विद्यार्थियों को याद रखना चाहिए कि हार वही मानता है जो प्रयास करना छोड़ देता है। उन्होंने नवागंतुकों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उन्हें कभी भी लगे कि रास्ता मुश्किल है, तो उनके शिक्षक हर कदम पर उनका साथ देंगे। इस
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों जैसे गीत, नृत्य और कविताओं ने वातावरण को सरस और उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनों की तालियाँ बटोरीं।
पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंग्रेज़ी विभाग के सभी प्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा। आयोजन के दौरान बच्चों के लिए प्रतियोगिताएँ भी रखी गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में एम ए प्रथम वर्ष से “मिस फ्रेशर” का खिताब कमलजीत को तथा “मिस्टर फ्रेशर” का खिताब  अरुण को प्रदान किया गया। इसी प्रकार बी ए ऑनर्स प्रथम वर्ष से मंतशा को मिस फ्रेशर एवं अभिषेक को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ नीलम ने छात्रों को उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी और  एक सकारात्मक संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया। यह आयोजन विद्यार्थियों की स्मृतियों में लंबे समय तक यादगार रहेगा। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ शशि प्रभा मालिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ नीलम के अतिरिक्त लाइब्रेरियन डॉ प्रवीन, विभाग के अन्य सहायक प्राध्यापक डॉ निधि, डॉ स्वाति, डॉ नेहा, प्रोफेसर रेखा, प्रोफेसर प्रिया, प्रोफेसर राहुल, प्रोफेसर रेशु, प्रोफेसर दीप्ति भी मौजूद रहे।

Comments