जिला में भव्यता और गरिमामयी ढंग से मनाया जाएगा हरियाणा दिवस : डीसी
-गीता जयंती महोत्सव का भी 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा आयोजन
-डीसी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक
BOL PANIPAT , 29 अक्टूबर ।हरियाणा सरकार द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी हरियाणा दिवस को पूरे उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। पानीपत जिला मुख्यालय पर एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्यता और गरिमामयी ढंग से आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणवी लोक कलाओं पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिला स्तर पर गीता महोत्सव का आयोजन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक सफलतापूर्वक करवाया जाएगा। डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार दहिया ने हरियाणा दिवस और गीता महोत्सव के संबंध में बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी डीसी और संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस(वीसी) से हरियाणा दिवस और गीता महोत्सव पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी में प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल और महानिदेशक केएम पांडुरंग ने भी प्रदेशभर में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी सांझा की।
वीसी उपरांत डीसी डाक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि पानीपत में हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन आर्य कालेज परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला के विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी, ऑर्केस्ट्रा और पेंटिंग आदि गतिविधियां शामिल रहेंगी। वहीं विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी वेशभूषा के साथ लोक लुभावनी पहनावे की कैटवॉक मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी।
डीसी ने बताया कि हरियाणा दिवस पर पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष होंगे और समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वचुर्अल माध्यम से प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी दिखाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीटीएम टीनू पोसवाल, डीएसपी सतीश वत्स, डीईओ राकेश बुरा,डीआईपीआरओ, डाक्टर सुनील बसताडा आदि मौजूद रहे।
हवन से शुरुआत और दीपोत्सव के साथ होगा गीता महोत्सव का समापन
डीसी डाक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गीता महोत्सव का श्रद्धाभाव और उत्साहपूर्वक 29 नवंबर से एक दिसंबर तक का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 28 नवंबर को श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। डीसी ने गीता महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। गीता महोत्सव का हवन यज्ञ के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालय सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा भी आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समा बांधा जाएगा। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ गीता पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी।
रन फॉर यूनिटी में राष्ट्रीय एकता के साथ दौडेंगे समस्त जिलावासी
डीसी डाक्टर वीरेद्र कुमार दहिया ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। पानीपत में शुक्रवार को पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज जिला सचिवालय से सुबह 7 बजे शुरू होने वाली रन फॉर यूनिटी को बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

Comments