लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं की आर्थिक ताकत बनेगी: डॉ. विरेंदर दहिया
-किसी भी लाभार्थी का लाभ नहीं होगा बंद
-मेधावी व जागरूक माताओं को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन
-योजना से परिवारों को मिलेगा दीर्घकालिक आर्थिक संबल
BOL PANIPAT , 3 जनवरी। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक दूरदर्शी और प्रभावशाली कदम है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और परिवारों को स्थायी आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाली पात्र महिलाओं को पहले की तरह 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता मिलती रहेगी। किसी भी लाभार्थी का लाभ न तो रोका गया है और न ही समाप्त किया गया है।
डॉ दहिया ने बताया कि योजना के विस्तार के तहत 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए तीन नई श्रेणियां जोड़ी गई हैं। इनमें सरकारी स्कूलों के मेधावी बच्चों की माताएं, निपुण मिशन के अंतर्गत शैक्षणिक दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताएं तथा कुपोषण व एनीमिया से बच्चों को स्वस्थ बनाने वाली माताएं शामिल हैं। इन सभी श्रेणियों में माताओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी।
डॉ. दहिया ने बताया कि नई वित्तीय व्यवस्था के तहत 1100 रुपये सीधे लाभार्थी महिला के खाते में जमा होंगे, जबकि 1000 रुपये सुरक्षित निवेश के रूप में जमा किए जाएंगे, जो ब्याज सहित लाभार्थी या उसके नामित व्यक्ति को प्राप्त होंगे।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी नई दिशा देगी।

Comments