Friday, July 17, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध: विधायक प्रमोद विज

By LALIT SHARMA , in Politics , at February 24, 2026 Tags: , , , ,

-विधायक प्रमोद विज ने विधानसभा में उठाया पालिका बाजार एवं राजीव कॉलोनी का मुद्दा

-पानीपत में हो रहे विकास कार्यों के लिए जताया मुख्यमंत्री का आभार

BOL PANIPAT : पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान पानीपत के विकास कार्यों एवं आगामी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया।

विधायक विज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा पिछले छह वर्षों में पानीपत के विकास में पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन मिला है।

विधायक प्रमोद विज ने पानीपत में विकास कार्यों की श्रृंखला के अंतर्गत मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, इंडोर स्टेडियम, ऑडिटोरियम, फायर स्टेशन, दो रेलवे ओवरब्रिज, पांच रेलवे अंडरपास, दो फ्लाईओवर, गोहाना रोड, असंध रोड एवं जाटल रोड की फोर लेनिंग, जर्जर स्कूल भवनों का भव्य पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों हेतु मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया ।

विधायक विज ने अपने संबोधन में कहा कि पानीपत एक औद्योगिक नगरी है, जहां लाखों की संख्या में अन्य प्रदेशों से प्रवासी भाई रोजगार हेतु आते हैं, जिसके कारण शहर की अपनी कुछ विशेष समस्याएं हैं। विज ने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से इन समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

विज ने शहर के विकास हेतु कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं, जिनमें एग्जीबिशन सेंटर, ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्लांट, कॉमन बॉयलर, ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया की समस्याओं का समाधान, महिला कॉलेज, बायपास, एलिवेटेड बस स्टॉप, वकीलों के लिए अतिरिक्त चैंबर्स, यूएचबीवीएन के लिए नए कार्यालय का निर्माण तथा पानीपत नगर निगम कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, विधायक विज ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कुछ परियोजनाओं में तेजी लाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इनमें ओल्ड एज होम, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, अनाथालय (बालक एवं बालिकाएं), लेबर हॉस्टल, बिशन स्वरूप कॉलोनी का टेंडर, टाउनशिप बैंक्वेट हॉल, रैनी वेल जल आपूर्ति परियोजना, ब्लाइंड स्कूल भवन निर्माण, सेक्टर 11-12 हुड्डा में सीवरेज एवं स्टॉर्म वाटर निकासी समस्या का समाधान, ऑटोमोबाइल मार्केट, नाइट शेल्टर तथा निर्माणाधीन दो लाइब्रेरी के निर्माण, पालिका बाजार के दुकानदारों की समस्याओं के समाधान एवं राजीव कॉलोनी वासियों के मालिकाना हक की भी मांग विधायक ने विधानसभा के पटल पर रखी ।

विधायक प्रमोद विज ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से पानीपत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Comments