भविष्य की ओर कदम:आर्य पीजी कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन
BOL PANIPAT : शनिवार , आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत की करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस कैंपस ड्राइव में स्टील क्राफ्ट्स एवं टेक डिज़ाइन कंस्ट्रक्शन कंपनियों ने भाग लिया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने इस कैंपस ड्राइव के सफल आयोजन के लिए करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल की इंचार्ज आस्था गुप्ता, डॉ. रजनी शर्मा तथा कोऑर्डिनेटर पंकज चौधरी को बधाई दी। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कंपनी के एचआर प्रतिनिधियों का कॉलेज परिसर में पहुंचने पर बुके भेंट कर स्वागत किया।
प्रो. (डॉ.) गुप्ता ने अपने संबोधन में बताया कि कॉलेज की करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल पूरे वर्ष सक्रिय रहती है। समय-समय पर छात्रों के लिए मॉक इंटरव्यू, इंडस्ट्री रेडीनेस जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
सीजीपीसी की इंचार्ज आस्था गुप्ता ने बताया कि इंटरव्यू का सामना करने से छात्रों का आत्मविश्वास विकसित होता है। उनकी प्रमुख गतिविधियों में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन शामिल है, जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियां परिसर में आकर योग्य छात्रों की भर्ती करती हैं। इसके अतिरिक्त, प्लेसमेंट सेल विभिन्न संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करती है, उद्योग से जुड़ाव बनाए रखती है तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को तैयार करती है।
डॉ. रजनी शर्मा ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों को कॉर्पोरेट अपेक्षाओं और वास्तविक भर्ती प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करती है, जिससे उनका आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता बढ़ती है।कोऑर्डिनेटर पंकज चौधरी ने बताया कि करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल छात्रों के व्यावसायिक भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, क्योंकि यह अकादमिक ज्ञान और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच सेतु का कार्य करती है। यह सेल करियर काउंसलिंग, स्किल डेवलपमेंट वर्कशॉप, रिज़्यूमे निर्माण सत्र तथा मॉक इंटरव्यू के माध्यम से छात्रों को निरंतर सहयोग प्रदान करती है, जिससे वे अपनी क्षमताओं और करियर पथ को बेहतर ढंग से पहचान पाते हैं। एक प्रभावी प्लेसमेंट सेल न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाती है, बल्कि छात्रों के समग्र विकास में भी योगदान देती है।
इस ड्राइव में 55 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 36 छात्र शॉर्टलिस्ट हुए। अंतिम साक्षात्कार के बाद सभी चयनित छात्रों को ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
अंत में सभी का धन्यवाद किया गया। इस अवसर पर आस्था गुप्ता, डॉ. रजनी शर्मा, पंकज चौधरी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Comments