Thursday, May 21, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री नायब सिंह की पहल से बदली तस्वीर, जनता समाधान शिविर बना लोगों की उम्मीदों का केंद्र: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 21, 2026 Tags: , , , , ,

सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म, समाधान शिविर में प्रशासन सुन रहा हर पीडि़त की आवाज

जनता समाधान शिविर में गूंजा त्वरित कार्रवाई का संदेश, 17 शिकायतों पर मौके पर फैसले

BOL PANIPAT : 21 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। जिला एवं उपमंडल स्तर पर सप्ताह में दो दिन लगाए जा रहे इन शिविरों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतों की सुनवाई की गई। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने की।

उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच के अनुरूप प्रशासन का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही मंच पर सुविधा उपलब्ध करवाना है ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रहा है तथा समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर लोगों और प्रशासन के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

  नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान करने में जुटा हुआ है। शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है।

डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग गांवों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। अवैध कब्जों, विकास कार्यों और पंचायत संबंधी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। समाधान शिविर में कई रोचक और महत्वपूर्ण मामले सामने आए। सरोज निवासी मतलोडा ने प्रशासन को बताया कि उनकी वास्तविक वार्षिक आय तीन लाख रुपये है, जबकि रिकॉर्ड में उनकी आय मात्र 50 हजार रुपये दर्ज की गई है। उन्होंने आय सही करवाने की मांग रखी। यह एक अनोखा मामला रहा क्योंकि सामान्यत: लोग अपनी आय कम करवाने के लिए आवेदन करते हैं, जबकि इस मामले में प्रार्थी ने अपनी आय बढ़वाने की मांग की। उपायुक्त ने मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रार्थी भतेरी निवासी आजाद नगर ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलवाने की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संदीप निवासी जाटिल ने गांव में स्थित मनोहर पार्क पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। उपायुक्त ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसी प्रकार प्रियंका चौहान निवासी गोपाल कॉलोनी ने अपना राशन कार्ड दोबारा शुरू करवाने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुनील परढ़ाना और सुरेंद्र जोगी ने जनता समाधान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जिला प्रशासन की कार्यशैली से लोगों में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया का आभार व्यक्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply