एक ही परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर कराने का मिलेगा अवसर: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
मतदाता सूची का अवश्य करें सत्यापन, त्रुटि सुधार के लिए समय पर करें आवेदन
परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर हैं तो घबराएं नहीं, निर्धारित अवधि में करें सुधार
सही मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला, हर मतदाता निभाए अपनी जिम्मेदारी
BOL PANIPAT , 4 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज सुनिश्चित करना है। यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं तो उन्हें चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावे एवं आपत्तियों की निर्धारित अवधि के दौरान प्रपत्र-8 भरकर सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने गणना प्रपत्र समय पर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं तथा प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम, पते एवं अन्य विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका सुधार कराएं।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष और सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, समय पर आवश्यक प्रपत्र जमा करें तथा किसी भी जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ, ईसीआईनेट ऐप के बुक – ए – कॉल फीचर अथवा टोल फ्री नंबर 1950 का उपयोग करें। इससे प्रत्येक पात्र मतदाता का लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहेगा।

Comments