जिला स्तरीय रेड रन जागरूकता दौड़ में आई.बी.पी.जी.कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
BOL PANIPAT : युवा हस्तक्षेप कार्यक्रम (Youth Intervention Programme) के अंतर्गत आर्य महाविद्यालय , पानीपत के मैदान में जिला स्तरीय रेड रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स की रोकथाम तथा नशा-मुक्ति के प्रति जागरूक करना था। इस जिला स्तरीय जागरूकता दौड़ में आई.बी. पी.जी. कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कॉलेज की छात्राओं मुस्कान एवं काजल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः चौथा एवं पांचवा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी गतिविधियों में भागीदारी उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक बनाती है। एचआईवी/एड्स एवं नशे जैसी गंभीर सामाजिक चुनौतियों के प्रति युवाओं को जागरूक करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रेड रिबन क्लब के कन्वीनर डॉ विक्रम कुमार ने कहा कि रेड रन जैसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में एचआईवी/एड्स एवं नशे के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश देते हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की ओर से डॉ. अंजलि भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं और उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रो संगीता ने विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सज्ज किया।छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।

Comments