Tuesday, September 1, 2026
Newspaper and Magzine


दावे-आपत्तियों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में न हो कोई कोताही: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 1, 2026 Tags: , , , , , ,

स्वीप एक्टिविटी में अधिकारी लाए और तेजी

विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय, हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर

फॉर्म-6, 7 व 8 की प्रक्रिया पर विशेष निगरानी, बीएलओ घर-घर पहुंचकर पात्र मतदाताओं को करें जागरूक

लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र मतदाता की भागीदारी जरूरी, एसआईआर कार्य में पूरी गंभीरता से जुटें अधिकारी

BOL PANIPAT, 1 सितंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण और मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास निवास  के निर्देशानुसार मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दावे एवं आपत्तियों, फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की प्रक्रिया, नोटिस एवं सुनवाई तथा स्वीप गतिविधियों सहित एसआईआर से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से एसआईआर कार्य की प्रगति का फीडबैक लिया तथा निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ अपात्र एवं स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए इसमें जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी सक्रियता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ निभानी होगी। हमारा लक्ष्य केवल मतदाता सूची को अपडेट करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची में कोई अपात्र नाम न रहे।

    उपायुक्त ने कहा कि बीएलओ को सक्रिय रूप से फील्ड में कार्य करना होगा। नए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक करने के साथ मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने अथवा स्थानांतरण से संबंधित फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की प्रक्रिया के बारे में भी लोगों को स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की सफलता सीधे तौर पर बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। इसलिए बीएलओ केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और दावों-आपत्तियों का समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां कहीं भी प्रक्रिया में कमी दिखाई दे, उसे तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने स्वीप गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता कैंप में और बढ़ोतरी की जाए। विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएं तथा प्रमुख स्थानों पर फ्लैक्स एवं बैनर लगाकर लोगों को मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, आरडब्ल्यूए के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 भी इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्हें नए पात्र मतदाताओं को पंजीकृत कराने, संबंधित मतदाताओं को नोटिस एवं सुनवाई की जानकारी देने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए जागरूक करने में सहयोग करना चाहिए। बैठक में यह भी बताया गया कि दावे एवं आपत्तियों की सूचियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार कर प्रत्येक सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जा रही हैं। फॉर्म-6, 7 एवं 8 के निस्तारण, नोटिस की डिलीवरी, सुनवाई तथा सुपर-चेकिंग की प्रक्रिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर एसआईआर से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी भी अपात्र नाम को नियमानुसार सूची में नहीं रहने दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, इलेक्शन तहसीलदार सुरेंद्र, एनआईसी से सीमा, अशोक, महेंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply