Saturday, October 24, 2026
Newspaper and Magzine


डॉ. शशि प्रभा मलिक की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 24, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में महाविद्यालय की उपप्राचार्या एवं हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ. शशि प्रभा मलिक की सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एल.एन. मिगलानी , युधिष्ठिर मिगलानी , परमवीर ढिंगडा , रवि गोसाईं , राजेश नागपाल ,प्राचार्य डॉ. सतबीर सिंह, प्राध्यापकगण एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. शशि प्रभा मलिक के दीर्घकालीन शैक्षणिक योगदान, समर्पित सेवाओं तथा महाविद्यालय के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एल.एन. मिगलानी ने डॉ. शशि प्रभा मलिक की कार्यनिष्ठा, अनुशासन एवं संस्थान के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके समर्पित शिक्षकों से होती है। डॉ. मलिक ने अपनी योग्यता, अनुभव और सकारात्मक दृष्टिकोण से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान की है।

उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतबीर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. शशि प्रभा मलिक का व्यक्तित्व कुशल नेतृत्व, अनुशासन, कर्मठता और आत्मीयता का अद्भुत संगम है। उपप्राचार्या एवं हिंदी विभागाध्यक्षा के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. मलिक का अनुभव, मार्गदर्शन और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।सेवानिवृत्त हो रहीं डॉ. शशि प्रभा मलिक ने अपने भावपूर्ण संबोधन में महाविद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्य, सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आई.बी. महाविद्यालय उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह रहा है। यहाँ बिताए गए वर्षों की स्मृतियाँ, सहकर्मियों का सहयोग और विद्यार्थियों का स्नेह उनके जीवन की अमूल्य पूँजी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगा।डॉ. किरण मदान व सुनीता ढांडा ने डॉ. शशि प्रभा मलिक के शैक्षणिक योगदान, उपलब्धियों एवं सेवाओं को रेखांकित करते हुए उनके सम्मान में अभिनंदन-पत्र प्रस्तुत किया। अभिनंदन-पत्र में उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां, प्रशासनिक दक्षता, साहित्यिक अभिरुचि तथा महाविद्यालय के प्रति उनके योगदान का उल्लेख किया गया।कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. निर्मला जी ने कुशलतापूर्वक एवं भावपूर्ण शैली में किया।समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से परिपूर्ण रहा। उपस्थित सभी सदस्यों ने डॉ. शशि प्रभा मलिक के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।अंततः यह समारोह डॉ. शशि प्रभा मलिक की वर्षों की समर्पित सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ उनके प्रति महाविद्यालय परिवार के स्नेह, विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक बन गया।इस अवसर पर डॉ. सुनीत शर्मा, डॉ.पूनम, डॉ.सीमा, डॉ.निधान,डॉ. प्रवीण, डॉ.शर्मिला, ले. राजेश, डॉ.नरवीर, प्रो.अजय पाल,प्रो.खुशबू, डॉ.अंजलि, डॉ.स्वाति, डॉ. संगीता सहित महाविद्यालय के शिक्षक  एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply