Wednesday, September 2, 2026
Newspaper and Magzine


साप्ताहिक नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 2, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत में सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में साप्ताहिक नृत्य कार्यशाला का उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें अपनी रचनात्मकता और भावनाओं को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान करना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कार्यशाला के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक समिति की संयोजिका एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया गया कि नृत्य केवल मनोरंजन या कदमों की गति नहीं है, बल्कि भावनाओं, विचारों और व्यक्तित्व की एक सशक्त अभिव्यक्ति है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना का विकास करती हैं तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापिका डॉ. पूनम मदान, डॉ. चेतना नरूला, डॉ. हिमांशी, डॉ. नेहा पुनिया, सहायक प्रो. रेखा शर्मा, पूजा,  कुलदीप शर्मा, एकता चौधरी, सुमन सिंगला  तथा नृत्य प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यशाला की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ कार्यशाला में सहभागिता की। यह कार्यशाला विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई दिशा देने की एक सराहनीय पहल सिद्ध होगी।

Comments


Leave a Reply