Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों ने दिखाया अपना जौहर

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 13, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 13 सितंबर 2025, आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय हिंदी विभाग के उपक्रम हिंदी साहित्य परिषद के विद्यार्थियों द्वारा एस. ए. जैन पी.जी. कॉलेज में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य पर राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी भव्य प्रस्तुति प्रदान की। महाविद्यालय की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कविता पाठ प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हिंदी भाषा एवं साहित्य से संबंधित रही। कविता पाठ प्रतियोगिता स्वरचित, स्वैच्छिक विषय एवं शुद्ध उच्चारण पर आधारित की गई। भाषण प्रतियोगिता में हिंदी भाषा की वैश्विक स्थिति, सांस्कृतिक विरासत, प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हिंदी सम्बन्धित विषय रहें। इस प्रतियोगिता में एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू और बी.जे.एम.सी. प्रथम वर्ष की छात्रा अंजलि ने काव्य पाठ और भाषण प्रतियोगिता में अपनी सशक्त भूमिका निभाई। महाविद्यालय में पहुँचने पर प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने दोनों छात्राओं का अभिनंदन करते हुए बधाई और शुभकामनाएं प्रदान की और कहा कि  आप दोनों छात्राओं ने महाविद्यालय का नाम प्रकाशमय किया है । उपचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया ।

परिषद संयोजक प्रो विजय सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में छात्रा खुशबू ने ‘बेटियां’ काव्य विषय को नारी के वर्तमान और इतिहास के परिदृश्यों को उदाहरणों सहित स्पष्ट किया। जिसमें मर्दानी लक्ष्मीबाई, जीजाबाई, इंदिरा गांधी, कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स, निर्मला सीतारमण, द्रौपदी मुर्मु जैसे सशक्त स्त्रियों के सशक्तिकरण का परिचय देते हुए हर क्षेत्र में अग्रणी बताया। छात्रा अंजलि ने अपने काव्य विषय में ‘युवा पीढ़ी’ को सम्बोधित कर शानदार प्रस्तुति दी। काव्य को ओजस्वी वाणी में व्यक्त करते हुए बताया कि आज का युवा परम्पराओं को ध्यान में रखते हुए परिवार, समाज एवं देश के प्रति सच्ची भावना से समर्पित होना चाहिए। आधुनिकता की होड़ में परम्पराओं का हनन करना नैतिकता का पतन है। भाषण प्रतियोगिता में खुशबू ने ‘वैश्विक स्तर पर हिंदी विषय पर अपना सशक्त भाषण प्रस्तुत किया और बताया कि विश्व स्तर पर हिंदी की स्थिति निरंतर गतिशील है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में पढ़ाने के साथ-साथ अनेक शोध कार्य भी करवाएं जा रहे हैं। वहीं छात्रा अंजलि ने भाषण में ‘हिंदी भाषा और सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी और बताया कि हिंदी भाषा मात्र एक भाषा नहीं है इसमें हमारी संस्कृति, संस्कार एवं सभ्यता का समावेश है। भारतेन्दु हरिश्चन्द्र जी की पंक्तियों से हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि –

‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल,

बिनु निज भाषा ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल’

साथ ही उन्होनें बताया कि प्रतियोगिता के विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक मंडल ने दोनों छात्राओं के सशक्त विचारों, भावों और उच्चारण की स्पष्टता को देखते हुए सराहना की। काव्य पाठ प्रतियोगिता में खुशबू ने प्रथम स्थान और अंजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वही भाषण प्रतियोगिता में खुशबू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।  

इस अवसर पर हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक विजय सिंह, डॉ. शालिनी, प्रा. गोपाल मलिक, प्रा.कविता मलिक उपस्थित रहे।

Comments