55 ग्राम पंचायतों में चल रही है अटल भूजल योजना
BOL PANIPAT : समालखा, 22 सितम्बर। शुक्रवार को बीडीपीओ कार्यालय समालखा में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग पानीपत के द्वारा अटल भूजल योजना के अंतर्गत खण्ड स्तरीय द्वितीय स्तर के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। समालखा व बापौली के समस्त विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया। यह प्रशिक्षण अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संंस्थान की ओर से किया गया है। इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता डीपीएमयू के सूचक शिक्षा एवं संचार विशेषज्ञ अमित कौशिक ने की।
आल इंडिया इंस्टीटयूट से मास्टर ट्रेनर सलभ ने गिरते भूजल स्तर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा भी भूजल से संबंधित स्कीमों के बारे में जानकारियां दी गई। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि स्वच्छ पानी रंगहीन, गंधहीन तथा स्वादहीन होना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि वर्षा जल संग्रहण किया जाए। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सभी विभाग समन्वय स्थापित कर अटल भूजल योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों में सहयोग प्रदान करें। मास्टर ट्रेनर ने गिरते भूजल स्तर को बचाने के लिए टपका व फुव्वारा विधि से सिंचाई करने के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत के 7 राज्यों, हरियाणा प्रदेश के 14 जिलों और 36 ब्लॉकों में अटल भूजल योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। पानीपत जिले के समालखा व बापौली ब्लॉक की 55 ग्राम पंचायतों में यह योजना चल रही है। इस अवसर पर सभी संबंधित विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

Comments