Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


भाजपा ही एकमात्र दल जिसमें गरीब का बेटा भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन सकता है: महीपाल ढांडा.

By LALIT SHARMA , in Politics , at September 24, 2024 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 24 सितंबर, भारतीय जनता पार्टी के पानीपत ग्रामीण विधानसभा से प्रत्याशी महीपाल ढांडा ने आज चुनाव प्रचार करते हुए जिला बार एसोसिएशन के कार्यालय में वकीलों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ही इस देश में एकमात्र ऐसा दल है जिसमें गरीब का बेटा भी मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री यहां तक की राष्ट्रपति भी बन सकता है। उन्होंने कहा कांग्रेस और सभी विपक्षी दलों में परिवारवाद का बोलबाला है, जबकि भाजपा ने रामनाथ कोविंद के रूप में दलित को राष्ट्रपति बनाया, वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी अनुसूचित जनजाति से आती हैं। जिनका नाम भी राष्ट्रपति के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने ही प्रस्तावित किया था। ढांडा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कि कभी चाय बेचते थे आज देश में प्रधानमंत्री पद की शोभा को बढ़ा रहे हैं, इसी तरह हरियाणा में एक छोटे से किसान का बेटा नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा कर रहा है। ऐसा केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। ढांडा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस हुड्डा बाप बेटे से इतर नहीं देख पा रही है , पहले 10 साल हुड्डा ने मुख्यमंत्री के रूप में राज किया, आज हुड्डा साहब अपने साहबजादे को मुख्यमंत्री बनना चाह रहे हैं। कांग्रेस हाई कमान में हिम्मत है तो प्रदेश में हुड्डा परिवार से बाहर निकलकर किसी दूसरे नेता के नेतृत्व में चुनाव लड़कर दिखाएं। ढांडा ने कहा की कांग्रेस ने हमेशा दलित एवं पिछड़ा वर्ग को रैली एवम वोट के लिए प्रयोग किया है। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सबसे ज्यादा दलितों एवम पिछड़ों पर अत्याचार करती है। उन्होंने कहा कि बाबा भीम राव अम्बेडकर से लेकर बाबू जगजीवन राम, सीता राम केसरी, अशोक तंवर एवं वर्तमान में दलित नेत्री को अपमानित करने का कांग्रेस का इतिहास रहा है जिसे दलित व पिछड़ा समाज कभी भूल नहीं सकता।

ढांडा ने आज चुनाव प्रचार में तेजी लाते हुए गांव राजापुर फरीदपुर कबड्डी जीतगढ़ सिद्धार्थ नगर सैनिक कॉलोनी सेक्टर 6 एवं 7 विकास नगर एकता विहार में महिला चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि यदि विकास चाहते हो तो एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में भारी मतदान करें। उन्होंने कहा भाजपा की तीसरी सरकार में अब तक जो कमियां रह गई है, उन्हें पूरा किया जाएगा और विकास को और ज्यादा गति दी जाएगी। ढांडा ने कहा की 2014 में जब हम हमारी पार्टी सत्ता में आई तो पानीपत ग्रामीण की कॉलोनीयों में सारी गलियां कच्ची थी, बड़े-बड़े गड्ढे थे, सीवर के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं थी। घरों से गंदा पानी निकलकर गलियों में खड़ा रहता था, जिसमें मक्खी मच्छर पनपते थे और यहां की भोली भाली जनता को बीमार करते थे। हमारी सरकार ने पहली योजना में सभी गलियों को पक्का किया और गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की और इसके साथ ही हर घर में पीने के पानी के लिए नल पहुंचाया। ढांडा ने कहा कि सामान्य हस्पताल के जच्चा बच्चा केंद्र का विस्तार किया जहां आज प्रति माह लगभग 1200 डिलीवरी होती है और गरीबों को मोटे बिल से छुटकारा मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जहां केंद्र सरकार ने पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा गरीब व्यक्तियों को दिया, वहीं हरियाणा सरकार ने नायब सैनी के नेतृत्व में 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा अपने नागरिकों को प्रदान किया है। इसके साथ ही 70 साल से ऊपर प्रत्येक बुजुर्ग को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा हरियाणा सरकार दे रही है जो की सभी बुजुर्गों के लिए बहुत बड़ा सहारा है। उन्होंने भाजपा को भारी बहुमत से जीतने की अपील की।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट अमित कादयान, उप प्रधान हर्ष सैनी,सचिव आशीष बंसल, कैशियर बबीता कादयान, भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ से अशोक कादियान, राजेश शर्मा, अंकित छोकर , चैतन्य अरोड़ा, सुभाष सैनी, अनिल लठवाल, कंवर सिंह जागलान, राकेश बत्रा, मनोज शर्मा, जगबीर राणा,धर्मपाल खरब, उमेद अहलावत एडवोकेट व काफी संख्या में एडवोकेट उपस्थित रहे।

Comments