सीईटी परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
BOL PANIPAT , 21 अक्तूबर। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से आगामी नवम्बर माह में होने वाली सीईटी परीक्षा को लेकर सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आगामी नवम्बर माह में आयोजित सीईटी परीक्षा के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आगामी नवम्बर माह में आयोग द्वारा सीईटी परीक्षा आयोजित की जानी है जिसको लेकर परीक्षा केन्द्र वाले जिलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं व कानून व्यवस्था उचित होनी चाहिए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बैठक उपरान्त जानकारी देते हुए बताया कि आयोग द्वारा 5 व 6 नवम्बर को सीईटी परीक्षा ली जानी है, जिसके अन्र्तगत जिला में 80 परीक्षा केन्द्रों की सूची बनाकर आयोग के पास भेज दी गई है। जिला के इन परीक्षा केन्द्रों में लगभग 26 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा यह परीक्षा प्रातकालिन सत्र व सायंकालिन सत्र में ली जाएगी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा महिलाओं व दिव्यांग परीक्षार्थीयों के लिए उनके गृह जिले या आसपास के नजदीकी जिले में ही परीक्षा सेंटर दिया जाएगा। इस अवसर पर सीइओ जिला परिषद विवेक चौधरी, सीटीएम राजेश सोनी, डीएसपी संदीप सिंह, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, डीईईओ बृजमोहन गोयल सहित सभी सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments