विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य की गति लक्ष्य पूरा होने तक नहीं रुकेगी: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
विशेष गहन पुनरीक्षण में पानीपत ने बढ़ाई रफ्तार, 67 हजार से अधिक फॉर्म हुए डिजिटाइज
विशेष गहन पुनरीक्षण में फॉर्म कलेक्ट करने में भी बीएलओ और रुचि लेकर करें कार्य
हर मतदाता तक पहुंचने का अभियान तेज, पानीपत में फॉर्म डिजिटाइजेशन का कार्य अंतिम चरण में
BOL PANIPAT , 25 जून। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत फॉर्म भरने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त ताजा रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 66 हजार 687 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 67 हजार 702 फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 7 प्रतिशत है।
यहां यह बता दे की हर 2 घंटे के बाद अपडेट किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि फॉर्म भरने का कार्य अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अब मुख्य फोकस फॉर्मों के समयबद्ध डिजिटाइजेशन पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ की भूमिका इस अभियान में अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि किसी भी पात्र मतदाता का विवरण छूटने न पाए। एडीसी अंकित चौकसे ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर तथा संबंधित अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।
एडीसी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब समय कार्य में और अधिक तेजी लाने का है। जिन क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष ध्यान देकर कार्य को गति दी जाए। उन्होंने सभी बीएलओ से आह्वान किया कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर शेष कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जिले के सभी बीएलओ लक्ष्य की पूर्ण प्राप्ति तक किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक फॉर्म का सही और समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए ताकि उसका तुरंत समाधान किया जा सके। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण, पात्र मतदाताओं का सत्यापन तथा रिकॉर्ड का अद्यतन किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक बीएलओ की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे पूरी टीम भावना के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बीएलओ के सहयोग और समर्पण से पानीपत जिला इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

Comments