Saturday, July 11, 2026
Newspaper and Magzine


अब बेटियों को नहीं करना पड़ेगा दूर का सफर, शहर में शुरू हो रहा नया सरकारी गर्ल्स कॉलेज: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 10, 2026 Tags: , , , , ,

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि, डीसी हरीश की अध्यक्षता में बनी कॉलेज शुरू करने की कार्य योजना

पानीपत शहर को मिली बेटियों की उच्च शिक्षा की नई सौगात, डाइट भवन से शुरू होगा राजकीय कन्या महाविद्यालय: शहरी विधायक प्रमोद विज

विधायक प्रमोद विज की पहल लाई रंग, सरकार ने दी नए गर्ल्स कॉलेज को मंजूरी

BOL PANIPAT , 10 जुलाई। विशेष तौर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात मिलने जा रही है। हरियाणा सरकार ने शहर में नए राजकीय कन्या महाविद्यालय (गवर्नमेंट गल्र्स कॉलेज) की स्थापना को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है।

  इस संबंध में उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा  कॉलेज के संचालन के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के साथ जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कॉलेज के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

  बैठक में निर्णय लिया गया कि नए सरकारी गल्र्स कॉलेज का संचालन फिलहाल लाल बत्ती स्थित डाइट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) भवन से किया जाएगा। डाइट परिसर में उपलब्ध 12 कमरों में प्रारंभिक रूप से कॉलेज की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, ताकि नए शैक्षणिक सत्र से छात्राओं को समय पर प्रवेश और पढ़ाई की सुविधा मिल सके।

बैठक में अधिकारियों ने कॉलेज के सुचारु संचालन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। गौरतलब है कि नए सरकारी गल्र्स कॉलेज की मंजूरी दिलाने में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लंबे समय से शहर में अलग सरकारी कन्या महाविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विधायक ने इस मांग को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार ने कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान की।

विधायक प्रमोद विज ने कहा कि यह केवल एक नया कॉलेज नहीं, बल्कि पानीपत की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बेटी केवल दूरी, आर्थिक कारणों या संसाधनों की कमी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। शहर में सरकारी गल्र्स कॉलेज शुरू होने से हजारों छात्राओं को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इससे अभिभावकों का विश्वास भी बढ़ेगा और बेटियों की उच्च शिक्षा में भागीदारी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस कॉलेज को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि यह क्षेत्र का एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान बन सके।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार के निर्देशों के अनुरूप कॉलेज को शीघ्र शुरू कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला होती है और बेटियों की शिक्षा पर किया गया निवेश पूरे समाज के भविष्य को सशक्त बनाता है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि छात्राओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कॉलेज संचालन से जुड़ी सभी औपचारिकताओं और आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।

नए सरकारी गल्र्स कॉलेज के शुरू होने से पानीपत शहर और आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को बड़ा लाभ मिलेगा। अब छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों या दूर स्थित कॉलेजों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी, छात्राओं की उच्च शिक्षा में निरंतरता बढ़ेगी तथा अधिक संख्या में बेटियां स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा की ओर आगे बढ़ सकेंगी। साथ ही महिला शिक्षा को बढ़ावा मिलने से सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

शहर के शिक्षा जगत और अभिभावकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे महिला शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अस्थायी रूप से डाइट भवन से शुरुआत होने के बाद भविष्य में इस सरकारी गर्ल्स कॉलेज का अपना आधुनिक एवं स्थायी परिसर भी विकसित किया जाएगा, जिससे पानीपत शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, गवर्नमेंट कॉलेज के प्राचार्य सुभाष, डीईईओ नीलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply