एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में झटके पांच स्वर्ण समेत कुल सात पदक
तीन खिलाड़ीयों का राज्य स्तरीय योगासन टूर्नामेंट के लिए हुआ चयन
ऐसे खिलाड़ी सम्पूर्ण प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT , 13 अक्टूबर. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत की चार छात्रा खिलाड़ीयों ने जिला योगासन स्पोर्टस एसोशिएशन द्वारा मेहराणा पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में पांच स्वर्ण के साथ कुल सात पदक जीतकर तहलका मचा दिया । राष्ट्रीय खेलों में तीन बार कि स्वर्ण पदक विजेता भतेरी ने कलात्मक जोड़ी और तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण, कशिश ने कलात्मक जोड़ी और तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण, अंतराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों की पदक विजेता मुस्कान ने तालबद्ध जोड़ी में रजत और वैभव ने तालबद्ध जोड़ी में स्वर्ण एवं पारम्परिक विधा में कांस्य पदक हासिल कर कॉलेज और जिले का मान बढाया । विजेता खिलाड़ियों का कॉलेज प्रांगण में पहुँचने पर प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया । प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने भतेरी, कशिश मुस्कान और वैभैव के साथ-साथ डॉ सुशीला बेनीवाल, प्रो पूजा, प्रो आनंद, प्रो नीलम, कोच मोहित और ग्राउंड्समैन प्रताप सिंह के प्रयासों की भूरी-भूरी सराहना की ।
प्रधान दिनेश गोयल ने अपने सन्देश में कहा कि आज के समय में खेलो में भाग लेने से हमें अनेकों फायदे मिलते है । व्यक्ति का रूप और व्यक्तित्व खेलो से ही बनता और निखरता है । खेल के मैदान और मुकाबले में हर खिलाड़ी अगर लगन के साथ भाग ले तो न सिर्फ हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि परस्पर प्यार और सदभाव में भी वृद्धि होती है । माता-पिता आज भी चाहतें हैं कि उनका बेटा या बेटी खिलाड़ी की जगह डाक्टर-इंजिनियर बने परन्तु इनकी जीत ने खेल के महत्व को समाज में स्थापित किया है । कॉलेज ऐसे खिलाडियों का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा । तनाव और अवसाद से भरी आज की आधुनिक जीवन शैली में खेल और योग ही हमें स्वस्थ और तनावमुक्त रख सकतें है । योग एक तपस्या है और जो इसमें जितनी अधिक मेहनत करेगा उतनी ही सफलता उसे मिलेगी । योग सोने की तरह होता हैं जिसे जितना अधिक तपायेंगे उतना ही निखार इसमें आएगा ।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने सभी विजेताओं की भरपूर प्रशंसा की और कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि कॉलेज के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वर्णिम स्थान रखती है क्योंकि इससे न सिर्फ इनके जीवन में सफलता आएगी बल्कि इससे दूसरे विद्यार्थियों को भी भरपूर प्रेरणा मिलेगी । राज्य स्तर पर भाग लेना हर खिलाड़ी का सपना होता है । ये जल्द अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खुद को स्थापित करे यही उनकी कामना है ।
डॉ सुशीला बेनीवाल शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्षा ने कहा कि कॉलेज के इतिहास में राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर पदक लाना बहुत बड़ी बात है । यह एक विलक्ष्ण उपलब्धि है । यह सम्पूर्ण जिले के लिए भी एक गर्व का पल है । पानीपत के ग्रामीण आँचल में पल-बढ़कर भी इस खिलाड़ीयो ने साबित कर दिया है कि सफलता किसी शहर या सुविधा की मोहताज नहीं होती है । मेहनत, लगन और जूनून का कोई विकल्प नहीं है ।

Comments