पीआरपीसी ने 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का किया भव्य एवं उद्देश्यपूर्ण आयोजन.
BOL PANIPAT :- 21 जून, 2024 : स्वास्थ्य, सद्भाव एवं शांति को बढ़ावा देने और आपसी भाईचारे को और मजबूत करने के लिए पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने आज 21 जून, 2024 को सुबह 06:30 बजे 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विषय “स्वयं और समाज के लिए योग” पर मनाया। इस अवसर पर आज सुबह रिफाइनरी टाउनशिप के सामुदायिक केंद्र में बड़ी संख्या में पीआरपीसी के कर्मचारीगण एवं अधिकारीगण अपने परिवार के सदस्यों के साथ योग करने हेतु एकत्रित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा मुख्य-महाप्रबंधकगण , महाप्रबंधकगण व कर्मचारी संघ एवं अधिकारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण की गरिमामय उपस्थिति में सभी को योग प्रतिज्ञा दिलवाने के साथ हुई। इस अवसर पर सभी को बिहार योग स्कूल, मुंगेर (बिहार) से प्रशिक्षित अनुदेशक मानिसा कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न योग आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया तथा इससे होने वाले लाभों को बताया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए एम. एल. डहरिया ने उल्लेख किया कि कि योग हमें शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से मजबूत बनाता है अत: हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए तथा योग करने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ानी चाहिए और सभी लोगों को योग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग आत्म-साक्षात्कार करने के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग स्वास्थ्य के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण है, जो हमारे श्वास व्यायाम, ध्यान और नैतिक सिद्धांतों को एकीकृत करता है।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस वर्ष का विषय “स्वयं और समाज के लिए योग ” बहुत ही उपयोगी है और इससे समाज के सभी वर्गों में एकता, भाईचारा की भावना को बढ़ावा मिलेगा और देश के सभी लोगों को उनके स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि को और सुदृढ़ करने की भावना को प्रोत्साहित करेगा । इसके अलावा मिलजुल कर योग का अभ्यास करके हम एक स्वस्थ और अधिक जुड़ा हुआ समाज बनाने में योगदान करते हैं। हम एक दूसरे के प्रति अधिक संवेदनशीलता और सम्मान के साथ रहना सीखते हैं।
गौरतलब है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन में योग को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने हेतु सुझाव दिया। उनके सुझाव को मानते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2015 से 21 जून को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए निर्धारित किया।

Comments