समाधान शिविर की लंबित शिकायतों की समीक्षा. आयुक्त एवं प्रधान सचिव मोहम्मद साईन ने दिए विभागों को निर्देश.
-समाधान शिविरों की शिकायतों को एसडीएम भी अपने स्तर पर करें रिव्यू: मोहम्मद साईन
-60 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के साथ करें हल।
BOL PANIPAT : 26 सितंबर। हरियाणा सरकार के आयुक्त एवं प्रधान सचिव मोहम्मद साइन ने शुक्रवार को समाधान शिविर की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि जो समस्याएं 60 दिन से अधिक लंबित हैं। उन्हें प्राथमिकता से हल करें। यही नहीं उप मंडल स्तर पर एसडीएम भी इसकी समीक्षा करें।
वीडियो कांफ्रेंस के बाद बैठक में निगम के संयुक्त आयुक्त संजय कुमार, जिला परिषद की सीईओ डॉक्टर किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निपटारा समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को अपने स्तर पर रिव्यू मीटिंग आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि नियमित मॉनिटरिंग हो और शिकायतों का निवारण तेजी से हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई-रिपोर्ट (एटीआर) समय पर भेजना सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला प्रशासन को सटीक प्रगति जानकारी मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता को त्वरित राहत देना है, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और लोगों की संतुष्टि को ध्यान में रखकर किया जाए। बैठक में शिकायतों की स्थिति, उनके निस्तारण और आगे की कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा हुई।

Comments