बाथरुम में गर्म पानी से नहाने के लिए गए छात्र की दम घुटने से मौत
BOL PANIPAT : तहसील कैंप में रामनगर स्थित घर के बाथरुम में गर्म पानी से नहाने के लिए गए एक छात्र की दम घुटने से मौत हो गयी। बाथरुम में गैस गीजर लगा हुआ था छात्र दरवाजा बंद करके नहा रहा था इस बीच गैस गीजर चलते रहने की वजह से बाथरूम में मौजूद हवा की ऑक्सीजन कम हो गयी. ऑक्सीजन रहित हवा में साँस लेने की वजह से वह अचेत होकर गिर गया। करीब आधा घंटा बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने बाथरुम का दरवाजा तोड़ा।
परिजनों ने देखा कि वह बेहोश पड़ा हुआ है। परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल ले जाने के लिए कहा। परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक 17 वर्षीय पारस स्कूल छात्र था। रोजाना की तरह आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह नहाने गया था। काफी देर तक नहा कर नहीं आया तो भाई ने बाथरूम के बाहर से आवाज़ लगाई कोई जवाब नहीं आने पर अनहोनी की आशंका से उसने घर के सभी सदस्यों को आवाज लगाकर वहां बुलाया। इसके बाद दरवाजे को जोर-जोर से धकेलकर खोलने की कोशिश की गई, मगर दरवाजा नहीं खुला। फिर दरवाजे को तोड़ा गया और पारस को बाहर निकाला गया। अंदर देखा कि गीजर चालू था और वह फर्श पर अचेत पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि बाथरुम में गैस गीजर के हिसाब से प्रॉपर वेंटिलेशन नहीं थी।

Comments