सुप्रीम कोर्ट के ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान का शुभारम्भ
विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लोगों से मध्यस्थता अपनाने की अपील
BOL PANIPAT , 26 अगस्त। सर्वोच्च न्यायालय की मेडिएशन एवं कन्सिलिएशन प्रोजेक्ट कमेटी (एमसीपीसी) द्वारा देशभर में ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान प्रारम्भ किया गया है। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य लोगों को मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण, त्वरित एवं कम खर्चीला समाधान उपलब्ध कराना तथा समाज में संवाद एवं आपसी समझ की भावना को बढ़ावा देना है। इस अभियान के अंतर्गत ऐसे न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान की जाएगी, जिनमें समझौते की संभावना है तथा संबंधित पक्षों की सहमति से उन्हें मध्यस्थता के लिए भेजा जाएगा। अभियान के दौरान मध्यस्थता केन्द्रों में अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। मध्यस्थता एक स्वैच्छिक, गोपनीय एवं सरल प्रक्रिया है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ दोनों पक्षों को बातचीत के माध्यम से समाधान तक पहुंचने में सहायता करता है। इससे समय और धन की बचत होती है, आपसी रिश्ते बने रहते हैं तथा न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।
इस अभियान में पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा मामले, चेक बाउंस मामले, उपभोक्ता विवाद, व्यापारिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, बंटवारा, बेदखली, श्रम विवाद तथा अन्य ऐसे दीवानी मामलों को शामिल किया गया है, जिनमें समझौते की संभावना हो। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिले के सभी वादकारियों एवं अधिवक्ताओं से अपील की है कि जिन मामलों में आपसी समझौते की संभावना हो, वे संबंधित न्यायालय अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उन्हें जिला मध्यस्थता एवं सुलह केन्द्र, जिला न्यायालय परिसर, पानीपत में मध्यस्थता हेतु भेजने का अनुरोध करें।

Comments